प्रधानमंत्री कार्यालय
प्रधानमंत्री ने नर्मदा पर बैराज की आधारशिला रखी और एक जनसभा को संबोधित किया
प्रविष्टि तिथि:
08 OCT 2017 4:30PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज नर्मदा नदी पर बनने वाले भदभूत बैराज की आधारशिला रखे जाने के अवसर पर एक पटि्टका का अनावरण किया। भरूच में एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री ने उधना (सूरत, गुजरात) से जयनगर (बिहार) के बीच चलने वाली अंत्योदय एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा उन्होंने एक और आधारशिला पट्टिका का अनावरण किया तथा गुजरात नर्मदा फर्टिलाइजर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के विभिन्न प्लांटों का उद्घाटन किया।
एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अंत्योदय एक्सप्रेस एक सराहनीय पहल है, जो लोगों विशेषकर उन लोगों के लिए मददगार साबित होगी जो उत्तर प्रदेश या बिहार से हैं और अपने घर से दूर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन से उत्तर प्रदेश और बिहार को लोगों को छठ पूजा पर अपने घर जाने में आसानी होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नीम की परत वाला यूरिया किसानों के लिए मददगार साबित हो रहा है और इससे भ्रष्टाचार और चोरी रुकी है।
श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पशुपालन में गुजरात की प्रगति ने किसानों की मदद की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक टीम को गुजरात भेजने और पशु आरोग्य मेले का अध्ययन करने को कहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में इस तरह का मेला वाराणसी में भी आयोजित किया गया, जिसमें जाने का अवसर प्रधानमंत्री को भी मिला।
*****
अतुल तिवारी/हिमांशु सिंह/बाल्मीकि महतो/अर्जुन सिंह
(रिलीज़ आईडी: 1505443)
आगंतुक पटल : 46