प्रधानमंत्री कार्यालय
प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हरिद्वार में उमिया धाम आश्रम के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया
प्रविष्टि तिथि:
05 OCT 2017 11:45AM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हरिद्वार में उमिया धाम आश्रम के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में आध्यात्मिक संस्थान सामाजिक सुधार के प्रसार के केंद्र रहे हैं। उन्होंने पर्यटन को भारत में एक प्राचीन अवधारणा और एक आध्यात्मिक परंपरा के रूप में वर्णित किया। उन्होंने कहा कि आज आश्रम का उद्घाटन होने से हरिद्वार आने वाले तीर्थयात्रियों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि यात्रा का विचार हमारी संस्कृति का एक अभिन्न हिस्सा है। यात्रा के माध्यम से हम देश के उन तमाम हिस्सों से परिचित हो जाते हैं जिन्हें हम अन्यथा देख भी नहीं सकते।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मां उमिया के भक्तों द्वारा किया जाने वाला काम कई लोगों के जीवन को छुआ है जिनमें लैंगिक समानता के मुद्दे पर लोगों में जागरूकता शामिल है। उन्होंने मेहसाणा जिले की महिलाओं को विशेष रूप से धन्यवाद दिया जिन्होंने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के संदेश को आगे बढ़ाया है।
प्रधानमंत्री ने मां उमिया के सभी भक्तों से अपील की कि वे स्वच्छग्राही बनें और स्वच्छ भारत मिशन के लिए ताकत बढ़ाएं।
***
अतुल तिवारी/हिमांशु सिंह/बाल्मीकि महतो/संजीत चौधरी
(रिलीज़ आईडी: 1505447)
आगंतुक पटल : 33