जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्रालय

नितिन गडकरी ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा एवं कर्नाटक की पीएमकेएसवाई परियोजना की समीक्षा की

प्रविष्टि तिथि: 02 NOV 2017 6:23PM by PIB Delhi

केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कल नई दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक में आंध्र प्रदेश, ओडिशा एवं कर्नाटक राज्यों में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीएमकेएसवाई) परियोजनाओं की समीक्षा की। इन राज्यों में विभिन्न पीएमकेएसवाई परियोजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए श्री गडकरी ने अधिकारियों को बिना किसी विलंब के निर्धारित समय सीमा के अनुसार लंबित परियोजनाओं को कार्यान्वित करने को कहा। मंत्री महोदय ने कहा कि आंध्र प्रदेश की आठ पीएमकेएसवाई परियोजनाओं में से एक पूरी हो चुकी है और चालू वित्त वर्ष के दौरान छह पूरी हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि शेष एक परियोजना अगले वित्त वर्ष के दौरान पूरी होगी। ओडिशा के बारे में मंत्री महोदय ने कहा कि आठ पीएमकेएसवाई परियोजनाओं में से दो पूरी हो चुकी हैं और चालू वित्त वर्ष के दौरान तीन पूरी हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि शेष तीन परियोजनाएं अगले वित्त वर्ष के दौरान पूरी हो जाएंगी। कर्नाटक की एआईबीपी परियोजनाओं के बारे में मंत्री महोदय ने सूचना दी कि एक परियोजना पूरी हो चुकी है और शेष चार अगले वित्त वर्ष के दौरान पूरी हो जाएंगी। इन सभी एआईबीपी परियोजनाओं के पूरी हो जाने के बाद आंध्र प्रदेश में 288 हजार हेक्टेयर की सिंचाई क्षमता का निर्माण होगा, ओडिशा में 125 हजार हेक्टेयर की सिंचाई क्षमता का निर्माण होगा तथा कर्नाटक में 230 हजार हेक्टेयर की सिंचाई क्षमता का निर्माण होगा। केन्द्रीय जल संसाधन मंत्रालय एवं तीनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।

***

वीके/एसकेजे/डीके – 5281


(रिलीज़ आईडी: 1508079) आगंतुक पटल : 47