राष्ट्रपति सचिवालय
अर्मेनिया के राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति से मुलाकात की
प्रविष्टि तिथि:
03 NOV 2017 7:14PM by PIB Delhi
अर्मेनिया के राष्ट्रपति महामहिम श्री सर्ज सर्गस्यान ने आज (03 नवम्बर, 2017) राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद से मुलाकात की।
महामहिम राष्ट्रपति ने अर्मेनिया के राष्ट्रपति का भारत की उनकी पहली यात्रा पर स्वागत करते हुए उन्हें अर्मेनिया को सफलतापूर्वक राष्ट्रपति प्रणाली की सरकार से संसदीय प्रणाली में मार्ग दर्शन करने पर बधाई दी। राष्ट्रपति महोदय ने विश्व खाद्य भारत समारोह में उनकी उपस्थिति पर श्री सर्गस्यान को धन्यवाद दिया।
महामहिम राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और अर्मेनिया बहुत विशिष्ट संबंध साझा करते हैं। हमारे गर्मजोशी और मैत्रीपूर्ण संबंधों की जड़ें इतिहास में निहित हैं। हमारे नागरिक सदियों से एक दूसरे के साथ मिलते जुलते रहे हैं। कोलकाता, चेन्नई एवं भारत के अन्य शहरों में अर्मेनिया के नागरिक भारतीय नागरिकों के साथ प्रेमपूर्वक रह रहे हैं। हम इस साझा विरासत को लेकर बेहद गर्व का अनुभव करते हैं।
महामहिम राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे द्वीपक्षीय संबंध मजबूत हैं। तथापि, दोनों देशों के बीच व्यापार एवं आर्थिक संबंधों को बढ़ाने की बहुत गुंजाइश है। स्वास्थ्य क्षेत्र, द्वीपक्षीय सहयोग का एक संभावित क्षेत्र है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा भारत-अर्मेनिया संबंधों को एक नई प्रेरणा प्रदान करेगी।
राष्ट्रपति ने प्रसन्नता व्यक्त की कि येरेवान स्टेट लिंग्विस्टिक यूनिवर्सिटी में एक हिन्दी पीठ है। उन्होंने कहा कि अर्मेनियन स्टेट इंस्टीच्यूट ऑफ फिजिकल कल्चर एंड स्पोर्ट्स जल्द ही योग में एक पीठ स्थापित करने पर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन पहलों से भारत और अर्मेनिया के बीच सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे।
*****
वीएल/एसकेजे/वाईबी- 5306 |
(रिलीज़ आईडी: 1508197)
आगंतुक पटल : 38