पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय

बॉन में आयोजित कॉप-23 में भारतीय पवेलियन का उद्घाटन

प्रविष्टि तिथि: 07 NOV 2017 3:49PM by PIB Delhi

केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन ने जर्मनी के बॉन में आयोजित कॉप-23  में भारतीय पवेलियन का उद्घाटन किया। मंत्री महोदय एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं, जो जर्मनी के बॉन में 6 नवंबर से 17 नवंबर, 2017 तक आयोजित जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन के 23वें कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज़ (कॉप-23) में भाग लेगा।

कॉप-23 में भारतीय पवेलियन की थीम है- ‘वर्तमान का संरक्षण, भविष्य की सुरक्षा’। पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव श्री अरूण कुमार मेहता ने कहा कि अगले 11 दिनों तक भारत जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करना और इसके अनुसार अपने को अनुकूल बनाने से संबंधित 20 सत्र आयोजित करेगा।

पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री रविशंकर प्रसाद ने मंत्री महोदय का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय पवेलियन देश के जलवायु कार्यक्रमों के बारे में जागरूकता बढ़ाएगा। भारतीय पवेलियन एक ऐसा मंच उपलब्ध कराएगा, जहां विश्व भर के नये विचारों का आदान-प्रदान संभव हो सकेगा और विश्व के देश साथ आकर कार्यवाही कर सकेंगे।

 *****

वीएल/जेके/एमएस-5342

 


(रिलीज़ आईडी: 1508507) आगंतुक पटल : 75