प्रधानमंत्री कार्यालय

प्रधानमंत्री ने अफगानिस्तान के मुख्य अधिशासी, डॉ. अब्दुल्ला अब्दुल्ला से मुलाकात की

प्रविष्टि तिथि: 28 SEP 2017 8:10PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज दोपहर अफगानिस्तान के मुख्य अधिशासी, डॉ. अब्दुल्ला अब्दुल्ला से मुलाकात की। 

प्रधानमंत्री ने दो दिवसीय कार्य संबंधी यात्रा पर भारत आए डॉ. अब्दुल्ला का स्वागत किया। 

दोनों नेताओं ने भारत और अफगानिस्तान के बीच की बहुमुखी रणनीतिक साझेदारी की शक्ति और आंतरिकता की पुष्टि की। उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित द्विपक्षीय सामरिक साझेदारी परिषद की बैठक के दौरान, हाल ही में की गई एक नई विकास साझेदारी की घोषणा के माध्यम से त्वरित सहयोग का स्वागत किया। उन्होंने द्विपक्षीय आर्थिक और विकास सहयोग बढ़ाने और इसके प्रचुर अवसरों पर चर्चा की।

अब्दुल्ला ने अफगानिस्तान के बुनियादी ढांचे के विकास और क्षमता निर्माण में भारत द्वारा अफगानिस्तान का सतत समर्थन किए जाने की सराहना व्यक्त की।

प्रधानमंत्री ने शांतिपूर्ण, एकजुट, समृद्ध, समावेशी और लोकतांत्रिक अफगानिस्तान के निर्माण के प्रयासों में अफगानिस्तान को पूर्ण समर्थन देने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

दोनों नेताओं ने अफगानिस्तान और विस्तारित क्षेत्र के सुरक्षा पर्यावरण पर विचार विमर्श किया और इस संदर्भ में, निकट समन्वय और सहयोग जारी रखने पर सहमति व्यक्त की। 

बैठक के अंत में दोनों नेताओं की उपस्थिति में पुलिस प्रशिक्षण और विकास पर तकनीकी सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया।

प्रधानमंत्री ने डॉ अब्दुल्ला द्वारा भेंट की गई अफगान के शिल्पकार द्वारा बनाए गए मोज़ाइक चित्र की काफी प्रशंसा की। 
 

*****



अतुल तिवारी/शाहबाज़ हसीबी/बाल्‍मीकि महतो


(रिलीज़ आईडी: 1508541) आगंतुक पटल : 37