पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
वायु की गुणवत्ता में सुधार हो रहा है, लोगों को डरने की जरूरत नहीं- डॉ. हर्षवर्धन
पर्यावरण मंत्री ने कहा है कि ग्रेडिंग रिस्पांस एक्शन प्लान को पूरी दक्षता से लागू करें
प्रविष्टि तिथि:
11 NOV 2017 2:54PM by PIB Delhi
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि पिछले दो दिनों में वायु की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को डरने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि सरकार वायु प्रदूषण को कम करने के लिए कई कदम उठा रही है। आज यहां पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) को सावधानीपूर्वक और पूरी दक्षता के साथ संबंधित राज्य सरकारों, नगर निगमों और नागरिक संगठनों द्वारा लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री और पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव की अगुवाई वाली समिति इस मामले पर लगातार उच्चस्तरीय निगरानी बनाए हुए है। डॉ. हर्षवर्धन ने संबंधित राज्य सरकारों और विभिन्न एजेंसियों के साथ हुई समीक्षा बैठकों का हवाला देते हुए कहा कि फसल के अवेशष और पराली जलाने के विषय में सभी के साथ विस्तार से चर्चा हुई थी।
पर्यावरण मंत्री ने कहा कि इस वर्ष पहली बार मौजूदा हालात जैसी स्थिति उत्पन्न होने और इससे निपटने के लिए ग्रेप के जरिए व्यवस्थित तौर-तरीके अपनाए गए हैं, जो कि पिछले वर्ष तैयार किया गया था। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव की अगुवाई में दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता की समीक्षा के लिए पहले ही एक टास्क फोर्स का गठन कर किया गया है। डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि सूचना प्रणाली की गुणवत्ता में सुधार के लिए दिल्ली-एनसीआर में निगरानी केंद्रों की संख्या बढ़ाई गयी है।
*****
वीके/बीएस/आरके- 5402
(रिलीज़ आईडी: 1509112)
आगंतुक पटल : 39