राष्ट्रपति सचिवालय
श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति से मुलाकात की
प्रविष्टि तिथि:
23 NOV 2017 8:25PM by PIB Delhi
श्रीलंका के प्रधानमंत्री श्री रानिल विक्रमसिंघे ने आज (23 नवंबर, 2017) राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद से मुलाकात की।
भारत में श्रीलंका के प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति महोदय ने कहा कि भारत एक स्थिर और समृद्ध श्रीलंका के निर्माण के उनके विजन का समर्थन करता है। राष्ट्रपति महोदय ने विश्व के साथ श्रीलंका की सक्रिय भागीदारी में श्री विक्रमसिंघे की सकारात्मक भूमिका की भी सराहना की।
राष्ट्रपति महोदय ने कहा कि भारत एवं श्रीलंका के बीच संबंध अनूठे, गर्मजोशी भरे और मैत्रीपूर्ण हैं। ये संबंध साझा इतिहास, संस्कृति, स्थानिक और सभ्यतागत संबंधों तथा दोनों देशों के नागरिकों के बीच व्यापक आपसी संपर्कों पर आधारित हैं।
राष्ट्रपति महोदय ने कहा कि विकास सहयोग भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय भागीदारी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारत श्रीलंका के साथ अपने संबंधों के आर्थिक स्तंभ को मजबूत बनाने का इच्छुक है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच समन्वय एवं आर्थिक समानताओं को देखते हुए अभी काफी कुछ हासिल किया जाना शेष है। राष्ट्रपति महोदय ने आपसी हितों की परियोजनाओं में श्रीलंका के साथ साझीदारी करने को लेकर भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता दुहराई।
वीके/एसकेजे/- 5576
(रिलीज़ आईडी: 1510679)
आगंतुक पटल : 29