प्रधानमंत्री कार्यालय
प्रधानमंत्री ने कुपोषण घटाने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की
प्रविष्टि तिथि:
25 NOV 2017 7:50PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को भारत में कुपोषण एवं संबंधित समस्याओं को कम करने और उनकी रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयास एवं प्रगति की समीक्षा की। इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पीएमओ, नीति आयोग एवं अन्य मंत्रालयों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में कुपोषण, स्टंटिंग और संबंधित समस्याओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान कुछ अन्य विकासशील देशों में सफल पोषण कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री ने स्टंटिंग, कुपोषण, जन्म के समय कम वजन और एनीमिया जैसी समस्याओं को कम करने के लिए ठोस उद्देश्यों के साथ काम करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि 2022 में आजादी की 75वीं वर्षगांठ तक मापने लायक परिणाम दिखने चाहिए।
इस संदर्भ में पोषण परिणामों की प्रगति की रियल-टाइम निगरानी पर चर्चा की गई खासकर सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले जिलों में।
वरिष्ठ अधिकारियों ने बार-बार जोर देकर कहा कि स्वच्छ भारत अभियान, मिशन इंद्रधनुष, बेटी बचाओ - बेटी पढ़ाओ और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना आदि सरकार के कार्यक्रमों का पोषण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इस संदर्भ में प्रधानमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकारों की उन सभी योजनाओं को एक साथ जोड़ने के लिए कहा जो प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष तौर पर पोषण परिणामों पर प्रभाव डालती हैं।
उन्होंने कहा कि अपेक्षित परिणाम हासिल करने के लिए पोषण के महत्व के बारे में सामजिक जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह जागरूकता पैदा करने के लिए अनौपचारिक माध्यमों के इस्तेमाल के महत्व पर जोर दिया।
*****
अतुल तिवारी/शाहबाज़ हसीबी/बाल्मीकि महतो/संजीत चौधरी
(रिलीज़ आईडी: 1511047)
आगंतुक पटल : 54