संस्‍कृति मंत्रालय

गृह राज्यमंत्री श्री किरेन रिजिजू कल कथाकार : अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक महोत्सव का उद्घाटन करेंगे 

प्रविष्टि तिथि: 30 NOV 2017 7:22PM by PIB Delhi

केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री श्री किरेन रिजिजू कल नई दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र (आईजीएनसीए) में तीन दिवसीय कथाकार : अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक महोत्सव के सातवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। सांसद श्री मनोज तिवारी, फिल्मकार एवं संगीत निर्देशक श्री विशाल भारद्वाज, गायक एवं संगीतकार श्री मोहित चौहान, भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त श्री हरिन्द्र सिद्धू एवं आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी भी कल समारोह में भाग लेंगे।

कथाकार भारत में मौखिक रूप से कहानी कहने की कला से संबंधित महोत्सव है तथा घुमक्कड़ नारायण – यात्रा वृत्तांत साहित्य महोत्सव का एक हिस्सा है जो 2010 में यूनेस्को के तत्वाधान में आरंभ किया गया था। कथाकार न केवल कला के रूप को संरक्षित करने का एक प्रयास है बल्कि इसके लिए नए श्रोताओं के सृजन की भी कोशिश है।

उद्घाटन सत्र की एक अन्य विशेषता पुस्तक “क्यूरियस टेल्स ऑफ द हिमालयज” का विमोचन भी है जिसका सह-लेखन शगुना गहिलोत एवं प्रार्थना गहिलोत ने किया है। पहली बार, दिल्ली में आयोजित इस महोत्सव में स्वीडन के सर्कस मास्टर एंड्रियू द्वारा प्रशिक्षित झुग्गी-झोपियों के बच्चों द्वारा सर्कस का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें भारत सरकार द्वारा आयोजित दीनदयाल उपाध्याय एवं नानाजी देशमुख की कहानियां भी होंगी। विशाल भारद्वाज और मोहित चौहान पहली बार संगीत के जरिए लोक कथाओं को साझा करने के लिए एक साथ आएंगे। इसके अतिरिक्त, कथपुतली का खेल दिखाने वाले इटली एवं आंध्रप्रदेश के दो कलाकार भी होंगे जो न केवल अपनी कला के उस्ताद हैं बल्कि इस कला को बढ़ावा देने वाले तथा इसका अभ्यास करने वाले अंतिम कलाकार हैं।

कथाकार बड़े उत्सव घुमक्कड़ नारायण के भीतर एक विशेष पहल है जिसका उद्देश्य पूरी दुनिया में विद्यमान मौखिक रूप से कहानी कहने की कला परंपरा को बढ़ावा देना है। हालांकि यूरोप में कहानी कहने की कला की परंपरा फिर से जागृत हुई है, भारत में इस कला रूप को समसामयिक बनाने के नाम मात्र के प्रयास किए गए हैं। इस वर्ष इस महोत्सव का आयोजन दिल्ली, गुरूग्राम, नोएडा एवं मुम्बई में किया जाएगा।
 

*****



वीके/एसकेजे/डीए- 5674


(रिलीज़ आईडी: 1511393) आगंतुक पटल : 50