सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
कैबिनेट ने भारत में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर करने के लिए भारत और ब्रिटेन के ‘ट्रांसपोर्ट फॉर लंदन’ के बीच एमओयू को स्वीकृति दी
प्रविष्टि तिथि:
03 JAN 2018 4:34PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर करने के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और ग्रेटर लंदन अथॉरिटी एक्ट, 1999 (ब्रिटेन) के तहत स्थापित वैधानिक निकाय ‘ट्रांसपोर्ट फॉर लंदन’ के बीच सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये जाने एवं इस पर अमल को मंजूरी दे दी है।
इस एमओयू से देश में समग्र रूप से सार्वजनिक परिवहन प्रणाली एवं यात्री सेवाओं को बेहतर करने और भारत में ज्यादा क्षमता वाली बसों के उपयोग को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। इससे भारत एवं ब्रिटेन के बीच आपसी रिश्तों को मजबूत करने और द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने में काफी हद तक मदद मिलेगी।
उपर्युक्त एमओयू से सभी के लिए एकीकृत सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने में भी सहूलियत होगी। इससे समाज के कमजोर तबकों के लोगों की पहुंच उच्च गुणवत्ता वाली सार्वजनिक परिवहन प्रणाली तक सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।
***
एकेटी/वीके/एएम/आरआरएस/एस – 6182
(रिलीज़ आईडी: 1515259)
आगंतुक पटल : 221