रक्षा मंत्रालय
रक्षामंत्री ने एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा किया और वीर कैडेटों को सम्मानित किया
प्रविष्टि तिथि:
22 JAN 2018 3:41PM by PIB Delhi
रक्षामंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर 2018 का आज दौरा किया और एनसीसी कैडेटों को उनके अनुकरणीय प्रदर्शन और कर्तव्य के प्रति निष्ठा के लिये दिल्ली कैंट स्थित करिअप्पा परेड मैदान में एक शानदार अलंकरण समारोह में रक्षामंत्री पदक और प्रशस्ति पत्रों से सम्मानित किया।
अपने संबोधन में रक्षामंत्री ने स्वच्छता अभियान में अभूतपूर्व कार्य के लिये एनसीसी की सराहना की। उन्होंने विविध गतिविधियों के जरिये राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान के लिये एनसीसी सदस्यों की प्रशंसा की। इस अवसर पर श्रीमती सीतारमण ने कहा, "स्वतंत्र भारत के युवा बेहद भाग्यशाली है कि इस तरह की संस्था हमारे देश में मौजूद है जो उनके व्यक्तित्व के विकास के लिये विशाल मात्रा में संसाधनों को लगाती है। एनसीसी देश के युवाओं में नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति, स्वार्थरहित सेवा, अनुशासन, कठोर परिश्रम और व्यक्तित्व का विकास करने वाले अन्य गुण और संस्कार विकसित और संवर्धित करती है।”
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के समग्र विकास के जरिये एनसीसी देश की एक जरूरी सेवा कर रही है क्योंकि पूरे विश्व में भारत के पास ही सबसे बड़ी और सबसे युवा जनसंख्या है।
सेना की तीनों शाखाओं - थलसेना, नौसेना और वायुसेना - से जुड़े एनसीसी कैडेटों के एक शानदार दस्ते ने रक्षामंत्री को एक प्रभावशाली सलामी भी दी।
1989 में रक्षामंत्री पदक आरंभ किया गया था और तब से यह सबसे सुयोग्य कैडेट को सर्वोत्कृष्ट श्रेणी के शौर्य और अप्रतिम सेवाओं के लिये प्रतिवर्ष दिया जाता है।
इस वर्ष का रक्षामंत्री पदक उत्तर प्रदेश निदेशालय की कैडेट प्रिया को प्रदान किया गया है और रक्षामंत्री प्रशस्ति पत्र राजस्थान निदेशालय के सीडब्ल्यूओ भुवनेश राठौर, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना निदेशालय की कैप्टन अरुंधति जे पटेल और पश्चिम बंगाल और सिक्किम निदेशालय के कैडेट सौमरजित घोष को प्रदान किये गये हैं। विजेताओं की चर्चा करते हुये रक्षामंत्री ने कहा, “मैं इन अद्भुत सफलताओं के लिये आपकी सराहना करती हूं। ये सफलतायें निसंदेह बड़ी संख्या में युवाओं और उत्साही छात्रों को एनसीसी में शामिल होने के लिये प्रोत्साहित करेंगी। मुझे पूरा विश्वास है कि ये युवा विजेता आने वाले समय में देश की प्रतिष्ठा को बढ़ायेंगे।”
रक्षामंत्री ने एनसीसी के सभी 17 निदेशालयों के कैडेटों द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से तैयार झण्डा क्षेत्र का भी निरीक्षण किया जिसमें सामाजिक जागरूकता बढ़ाने वाले कई विषयों को दर्शाया गया था। कैडेटों ने उन्हें अपने-अपने माडलों के बारे में संक्षेप में जानकारी भी दी। रक्षामंत्री ने 'हॉल ऑफ फेम' का भी दौरा किया जो कि एनसीसी की अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर है जिसमें पूर्व छात्रों की तस्वीरें, मॉडल और अन्य उपलब्धियां दर्शायी जाती हैं।
श्रीमती सीतारमण ने बाद में अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ एनसीसी सभागार में एनसीसी के प्रतिभाशाली कैडेटों द्वारा प्रदर्शित भव्य सांस्कृतिक समारोह का प्रदर्शन भी देखा। इससे पहले एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल बी.एस. सहरावत ने उनका स्वागत किया था।
***
वीके/एएम/डीटी/वाईबी- 6423
(रिलीज़ आईडी: 1517484)
आगंतुक पटल : 58