प्रधानमंत्री कार्यालय

फिलिस्तीन, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री का वक्तव्य

प्रविष्टि तिथि: 08 FEB 2018 6:49PM by PIB Delhi

फिलिस्तीन, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वक्तव्य के मूल पाठ का हिंदी रूपांतरण इस प्रकार है –

“मैं 9 से 12 फरवरी तक फिलिस्तीन, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान की द्विपक्षीय यात्रा कर रहा हूं।

2015 के बाद से मैं खाड़ी और पश्चिम एशियाई क्षेत्र की पांचवी बार यात्रा करने में हर्ष का अनुभव कर रहा हूं। यह क्षेत्र हमारे विदेशी संबंधों में प्राथमिक स्थिति रखता है। यहां के देशों के साथ हमारे जीवंत बहु-आयामी संबंध हैं।

यात्रा की शुरूआत फिलिस्तीन से होगी, जहां जॉर्डन होते हुए मैं 10 फरवरी को पहुंचूंगा। इस यात्रा के आयोजन के लिए मैं जॉर्डन के महामहिम सुल्तान अब्दुल्ला द्वितीय का आभारी हूं। मैं 9 फरवरी को अम्मान में उनसे मुलाकात करने की प्रतीक्षा में हूं।

भारत के किसी भी प्रधानमंत्री की यह पहली फिलिस्तीन यात्रा है। मैं राष्ट्रपति महमूद अब्बास के साथ चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं, और फिलिस्तीनी जनता को समर्थन और फिलिस्तीन के विकास के लिए भारत की प्रतिबद्धता व्यक्त करूंगा।

10 - 11 फरवरी को मैं संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा करूंगा, जहां मैं अगस्त, 2015 के बाद दोबारा जा रहा हूं। संयुक्त अरब अमीरात हमारा एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझीदार है, जिसके साथ हमारा सभी प्रमुख क्षेत्रों में अहम सहयोग होता है। इसमें अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और सुरक्षा के विषय शामिल हैं। मैं इन क्षेत्रों की प्रगति पर चर्चा करूंगा और संयुक्त अरब अमीरात के उप-राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री तथा दुबई के शासक महामहिम शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मखदूम सहित आबूधाबी के शाहजादा महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ अन्य मुद्दों पर बातचीत करूंगा।

संयुक्त अरब अमीरात के नेतृत्व के निमंत्रण पर मैं दुबई में विश्व शासन शिखर सम्मेलन के छठवें संस्करण को संबोधित करूंगा, जहां भारत विशिष्ट अतिथि है।

उसी दिन मैं दुबई में संयुक्त अरब अमीरात और अरब के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ वार्ता करूंगा, जिसमें भारत में विस्तृत, आर्थिक अवसरों पर चर्चा की जाएगी तथा इस बात पर भी विचार किया जाएगा कि दोनों पक्ष कैसे व्यापार सहयोग को बढ़ा सकते हैं।

ओमान हमारा नजदीकी समुद्री पड़ोसी है, जिसके साथ हमारे बेहतरीन रिश्ते हैं। मैं ओमान के महामहिम सुल्तान और अन्य प्रमुख नेताओं के साथ बातचीत करूंगा। मैं भारत के साथ मजबूत आर्थिक और व्यापारिक संबंधों के विकास के बारे में ओमान में प्रमुख व्यापार हस्तियों से बातचीत करूंगा।

ओमान हमारा नजदीकी समुद्री पड़ोसी है, जिसके साथ हमारे बेहतरीन रिश्ते हैं। मैं प्रधानमंत्री के रूप में 11 - 12 फरवरी को वहां पहली बार जाने में हर्ष अनुभव कर रहा हूं। भारत और ओमान के बीच सदियों पुराने रिश्ते हैं और लोगों के बीच आदान-प्रदान होता रहा है।

11 फरवरी की शाम को मैं ओमान के महामहिन सुल्तान से भेंट करूंगा। मैं वहां की मंत्री परिषद के उप प्रधानमंत्री महामहिम सईद फहद बिन महमूद अल सैद और अंतर्राष्ट्रीय संबंध एवं सहयोग मामलों के उप प्रधानमंत्री सईद असद बिन तारिक अल सैद से भी बातचीत करूंगा। हम द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करेंगे और अपने पारंपरिक रूप से मजबूत संबंधों को और बढ़ाने की दिशा पर चर्चा करेंगे।

12 फरवरी को मैं भारत के साथ मजबूत आर्थिक और व्यापारिक रिश्तों के विकास के लिए ओमान के व्यापार जगत की हस्तियों के साथ बातचीत करूंगा।

ओमान और संयुक्त अरब अमीरात में मुझे बड़ी संख्या में वहां मौजूद भारतवंशियों से मिलने का अवसर मिलेगा, जिन्होंने इन देशों को अपना घर बना लिया है। 90 लाख से अधिक भारतीय खाड़ी क्षेत्र में रहते और काम करते हैं, जिनमें से एक तिहाई सिर्फ संयुक्त अरब अमीरात में ही हैं। ओमान में वे सबसे बड़े प्रवासी समुदाय हैं।

भारतवंशी भारत और खाड़ी देशों के बीच मित्रता के सेतु हैं। वे अपने-अपने मेजबान देशों की समृद्धि और प्रगति में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं।

मैं आशा करता हूं कि इस यात्रा से पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र के साथ भारत के प्रगतिशील तथा महत्वपूर्ण रिश्ते और मजबूत होंगे।”

                              ***

वीएल/एएम/एकेपी/सीएस–6782

 


(रिलीज़ आईडी: 1521569) आगंतुक पटल : 103