प्रधानमंत्री कार्यालय
रूस-भारत-चीन के मध्य त्रिपक्षीय बैठक
प्रविष्टि तिथि:
30 NOV 2018 1:57PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने आज ब्यूनस आयर्स में एक त्रिपक्षीय बैठक का आयोजन किया।
तीनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय मंचों में आपसी सहयोग को बढ़ाने और तीनों देशों के बीच बेहतर बातचीत को बढ़ावा देने के बारे में बातचीत की। उन्होंने ऐसे बहुपक्षीय संस्थानों में सुधार करने और मजबूती प्रदान करने के महत्व पर सहमति व्यक्त की, जिनसे संयुक्त राष्ट्र, विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ), अच्छी तरह से स्थापित संस्थानों के साथ-साथ नये वैश्विक वित्तीय संस्थानों सहित पूरा विश्व लाभान्वित हुआ है। उन्होंने बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली और वैश्विक विकास तथा समृद्धि के लिए खुली वैश्विक अर्थव्यवस्था के लाभों को रेखांकित किया।
तीनों नेताओं ने ब्रिक्स, एससीओ और ईएएस तंत्रों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता तथा सहयोग को मजबूत करने के लिए सभी स्तरों पर नियमित विचार-विमर्श करने के बारे में सहमति व्यक्त की, ताकि आतंकवाद, जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटा जा सके और सभी मतभेदों का शांतिपूर्ण तरीके से समाधान करने के काम को प्रोत्साहित किया जा सके। तीनों नेताओं ने आरआईसी प्रारूप में सहयोग के महत्व को स्वीकार करते हुए बहुपक्षीय अवसरों पर ऐसी त्रिपक्षीय बैठकों को आगे भी आयोजित करने पर सहमति दी।
***
आर.के.मीणा/अर्चना/आईपीएस/एसएस-11542
(रिलीज़ आईडी: 1554483)
आगंतुक पटल : 162