प्रविष्टि तिथि:
17 JUL 2025 5:22PM by PIB Jaipur
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित एक समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 पुरस्कार प्रदान किए। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर और आवासन एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री श्री तोखन साहू की उपस्थिति में 23 सुपर स्वच्छ लीग शहरों को सम्मानित किया गया।
इन 23 शहरों में 20 हज़ार से 50 हज़ार की आबादी वाली श्रेणी में राजस्थान के डूंगरपुर को भी सम्मानित किया गया। वही जयपुर ग्रेटर को राजस्थान राज्य का प्रोमिसिंग स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला । राजस्थान के शहरी विकास एवं स्थानीय स्वशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री झाबर सिंह खर्रा ने इन पुरस्कारों को प्राप्त किया । यहां गौरतलब है कि डुंगरपुर को पाँचवी बार स्वच्छता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा वर्ष 2024-25 के लिए दुनिया का सबसे बड़ा स्वच्छता सर्वेक्षण आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न हितधारकों, राज्य सरकारों, शहरी निकायों और लगभग 14 करोड़ नागरिकों ने भाग लिया।


*******
ऋतु शुक्ला/अनुभव बैरवा/अभिलाष मीना