वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, बिहार एवं संयोजक, भारतीय स्टेट बैंक द्वारा अटल पेंशन योजना पर आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन

प्रविष्टि तिथि: 29 AUG 2025 3:17PM by PIB Patna

दिनांक, 29 अगस्त, 2025 को, पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए), नई दिल्ली और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, बिहार के तत्वावधान में पटना में अटल पेंशन योजना पर एक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आउटरीच कार्यक्रम राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, बिहार एवं संयोजक, भारतीय स्टेट बैंक द्वारा आयोजित किया गया था ।

इसमें श्री प्रवेश कुमार, मुख्य महाप्रबंधक, पीएफआरडीए, श्री रवींद्र कुमार श्रीवास्तव, महाप्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक एवं संयोजक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति बिहार, श्री बिनय कुमार सिन्हा, मुख्य महाप्रबंधक, नाबार्ड, सभी सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंक प्रतिनिधि, बिहार के विभिन्न जिलों के एल. डी. एम. के साथ साथ वित्त विभाग, बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारी,  'जीविका', बी सी – ग्राहक सेवा केन्द्र के कर्मी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और श्री सिद्धनाथ ठाकुर, उप महाप्रबंधक , भारतीय स्टेट बैंक द्वारा स्वागत भाषण के साथ हुई। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए, पी. एफ. आर. डी. ए. के मुख्य महाप्रबंधक श्री प्रवेश कुमार ने अटल पेंशन योजना शुरू करने के पीछे सरकार के उद्देश्य, इसके कार्यान्वयन, इसमें आने वाली चुनौतियों, उनके समाधान, उनके संबंध में वर्तमान और भविष्य के लक्ष्यों और उपलब्धियों तथा भविष्य की रणनीति आदि पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने कहा कि इस योजना के कार्यान्वयन के मामले में बिहार देश के सभी बड़े राज्यों में अग्रणी है और अब तक राज्य के लघभग 70 लाख लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं। चूँकि बिहार की जनसंख्या बहुत बड़ी है और यहाँ की एक बड़ी आबादी असंगठित क्षेत्र में काम करती है, इसलिए यहाँ अटल पेंशन योजना का और भी अधिक विस्तार किए जाने की आवश्यकता है।

उन्होंने पिछले पाँच वर्षों से लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एसएलबीसी बिहार की प्रशंसा की। इसके बाद, भारतीय स्टेट बैंक के महाप्रबंधक श्री रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि अटल पेंशन योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 में बिहार में 9.90 लाख, 2023-24 में 11.28 लाख और 2024-25 में 10.48 लाख लोगों का एवं 2025-26 में दिनांक 23.08.2025 तक 3.54 लाख लोगों का नामांकन हो चुका है जो कि वर्तमान वार्षिक वर्ष के वार्षिक लक्ष्य का 53 % उपलब्धि है।

उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष में अटल पेंशन योजना में नामांकन की गति को और तेज़ करने के लिए सभी बैंकों की भागीदारी पर ज़ोर दिया। नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक ने इस महत्वाकांक्षी सामाजिक सुरक्षा योजना को सभी सरकारी योजनाओं के साथ एकीकृत रूप से आगे बढ़ाने पर ज़ोर दिया ताकि इसकी लोकप्रियता बढ़े और कृषि प्रधान बिहार राज्य का समुचित विकास हो। कार्यक्रम में अटल पेंशन योजना में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बैंकों तथा एलडीएम, को भी पुरस्कृत किया गया।

आउटरीच कार्यक्रम का समापन भारतीय स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक (चैनल प्रबंधन), श्री शुभेंदु नारायण दास द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।  सभा का संचालन श्री कुमार रणजीत सहायक महाप्रबंधक राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, संयोजक भारतीय स्टेट बैंक द्वारा किया गया तथा मंचासीन विशिष्ट अतिथियों ने मीडिया को संबोधित किया तथा सरकार के महत्वाकांछी योजना “अटल पेंशन योजना” की अन्य पहलुओं की जानकारी दी ।


(रिलीज़ आईडी: 2162988) आगंतुक पटल : 39