कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय
केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी में स्वस्थ नारी- सशक्त परिवार, रक्तदान शिविर और प्रबुद्धजन संवाद सहित अनेक कार्यक्रमों में सहभागिता की
केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास भी किया
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार से होगा सशक्त समाज - श्री शिवराज सिंह चौहान
भारत की आबादी और विशाल बाजार देश की ताकत है- श्री शिवराज सिंह
जीएसटी दरों में कमी का लाभ सीधे किसानों-जनता तक पहुंचना चाहिए- श्री चौहान
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है- श्री शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह ने स्वदेशी उत्पाद अपनाने का आह्वान किया
Posted On:
29 SEP 2025 6:32PM by PIB Delhi
केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज संसदीय क्षेत्र विदिशा की विधानसभा बुधनी में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित कई कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने सबसे पहले वृक्षारोपण व ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ कार्यक्रम और रक्तदान शिविर में शामिल होकर उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। साथ ही शिवराज सिंह चौहान ने प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों से मुलाकात कर नए जीएसटी सुधारों पर विस्तार से चर्चा की। इसके अलावा, उन्होंने स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लेते हुए सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्ट्रीट वेंडर्स चौपाल में पहुंचकर वेंडरों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। साथ ही श्री शिवराज सिंह ने बुधनी विधानसभा में दुकानों और घरों पर स्वदेशी के समर्थन में स्टीकर लगाया और नागरिकों से स्वदेशी अपनाने की अपील की। वहीं केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास भी किया और कहा कि, बुधनी लगातार विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्वदेशी का अर्थ है, वो वस्तुएँ जो अपने देश में ही बनी हों और जिनमें देशवासियों का परिश्रम और पसीना लगा हो। उन्होंने कहा कि, स्वदेशी उत्पाद ही रोजगार सृजन करते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि, भारत की बढ़ती आबादी और विशाल बाजार देश की ताकत है। अमेरिका की आबादी 30 करोड़ है, पूरे यूरोप की 50 करोड़, जबकि भारत 144 करोड़ के साथ जल्द ही 150 करोड़ की दहलीज पार करने वाला है। हमारे लोगों के हितों की रक्षा करते हुए ही कोई समझौता होगा। श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, भारत के सामान पर टैरिफ लगाए जाने की परवाह देश को नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, 144 करोड़ उपभोक्ताओं से बड़ा बाजार कहीं नहीं है। अगर हम अपने देश में बनी चीज़ें ही खरीदने लगें, तो दुनिया हमारी प्रगति नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी मंत्र के तहत भारत तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। पहले मोबाइल विदेशों से मंगाए जाते थे, अब भारत उनका निर्यात कर रहा है। साथ ही देश में सेमीकंडक्टर चिप निर्माण भी शुरू हो चुका है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय युवाओं के पास असाधारण प्रतिभा है और वे हर उस चीज़ का उत्पादन करने में सक्षम हैं, जो अब तक बाहर से आती रही है। जो चीज़ें आज नहीं बन रहीं, वे भी भारत में बनेंगी।

केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी रिफॉर्म पर कहा कि, जीएसटी दरों में कमी का सीधा लाभ जनता तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने कहा कि खाने-पीने का सामान, कपड़े, बर्तन जैसी रोजमर्रा की वस्तुएँ और कृषि उपकरण सस्ते हुए हैं। श्री चौहान कहा कि 35 हार्सपावर के ट्रैक्टर पर जीएसटी घटने से किसानों को करीब 41 हजार रुपए तक का सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा, ये फायदा किसानों और आम जनता तक पहुँचना ही चाहिए। जीएसटी की घटी दरों का पूरा लाभ उपभोक्ताओं को ट्रांसफर करना आवश्यक है। जीएसटी काउंसिल के फैसले के बाद अब कृषि उपकरणों पर जीएसटी की दर 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई है। इसका सीधा असर उपकरणों की कीमतों पर पड़ा है और कई मशीनें पहले के मुकाबले हजारों रुपये तक सस्ती हो गई हैं। छोटे किसान हों या बड़े, अब ट्रैक्टर, थ्रेशर, रोपण यंत्र, मल्चर और स्प्रेयर तक खरीदना आसान हो जाएगा। श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य किसानों की लागत घटाना और उन्हें आधुनिक उपकरण सुलभ कराना है। जीएसटी दरों में कटौती से छोटे-बड़े सभी किसान सस्ती मशीनरी खरीद पाएंगे। यह फैसला प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर किसान, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा बुधनी में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन का पहला सुख निरोगी काया है। उन्होंने कहा, अगर कोई बीमार हो जाए तो बाकी चीजें याद ही नहीं रहती। शरीर ही सभी धर्मों का पालन करता है, इसलिए शरीर का स्वस्थ होना जरूरी है। उन्होंने ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन पर शुरू हुआ यह अभियान लगातार चल रहा है और इसके अंतर्गत बुधनी क्षेत्र की माताओं-बहनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाएं अपनी परेशानी बताती नहीं हैं और काम करती रहती हैं, जिससे बीमारियाँ गंभीर रूप ले लेती हैं। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, पहले टीबी एक खतरनाक बीमारी मानी जाती थी, लेकिन अब इसका इलाज संभव है। उन्होंने कहा कि, पूरे क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाया जाएगा और इसके लिए समुचित व्यवस्था की जाएगी। आज हम बहनों को पोषण टोकरी दे रहे हैं। जल्दी जांच और समय पर इलाज से कोई भी बीमारी नियंत्रित की जा सकती है। शिविर में हर विभाग के डॉक्टर मौजूद हैं और बुधनी सिविल अस्पताल में 30 डॉक्टर तैनात किए गए हैं, ताकि महिलाओं को चेकअप के लिए बाहर न जाना पड़े। श्री चौहान ने आश्वस्त किया कि, जब तक सभी बहनों का स्वास्थ्य परीक्षण नहीं हो जाता, तब तक शिविर जारी रहेगा।

केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव भी प्रारंभ होने वाला है। खेल केवल बच्चों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसमें बहनों और बेटियों की भी सहभागिता होगी। उन्होंने कहा कि, जिंदगी में खेल भी और खेल जिंदगी में कई दुख दूर कर देता है। इसलिए मैं चाहता हूं कि, सभी भाई-बहन खेलों में शामिल हों और आनंदित हों। उन्होंने खेलों की विस्तृत रूपरेखा बताते हुए कहा कि, सांसद खेल महोत्सव में रस्साकशी, कुर्सी दौड़, नीबू दौड़ सहित कबड्डी और क्रिकेट जैसे खेल गाँव-गाँव आयोजित किए जाएंगे। इसमें भाग लेने वाली बहनों और बेटियों के लिए सर्टिफिकेट और पुरस्कार की भी व्यवस्था की जाएगी। श्री शिवराज सिंह चौहान ने टीम रजिस्ट्रेशन की जानकारी भी साझा की और लोगों से अपील की कि, अपने गाँव या मोहल्ले की टीम रजिस्टर कराएँ ताकि प्रतियोगिता में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि हमारे बच्चे आगे बढ़ें, हमारे भाई, बहनें और बेटियाँ भी खेलों में भाग लें। जिंदगी में चार पल खुशी आएँ, इसलिए यह प्रतियोगिता आयोजित की जा र ही है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बुधनी लगातार विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 110 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया जा रहा है। बुधनी में 750 बिस्तरों का मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन है, जबकि 50 बिस्तरों का सिविल अस्पताल तैयार हो चुका है, जहाँ वर्तमान में मेडिकल कैंप भी संचालित है। उन्होंने कहा कि यहां सीएम राइज़ स्कूल, आईटीआई और कॉलेज जैसे संस्थान आज हकीकत बन चुके हैं, जबकि कभी यह केवल सपना था। फैक्ट्रियों की स्थापना से स्थानीय लोगों की क्रय क्षमता बढ़ी है, जिससे व्यापारियों का कारोबार भी बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को नेशनल हाईवे और रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिल रहा है। नेशनल हाईवे बनने से यहाँ की जमीनों की कीमत बढ़ी है और बेहतर सड़कों के कारण लोगों को सीधा फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि, बुधनी में 23 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत से एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है, जहाँ बच्चों को खेलों का अवसर मिलेगा और खेलकूद को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, 10 करोड़ 99 लाख रुपए का कन्वेंशन सेंटर भी निर्माणाधीन है। यहाँ सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 35 करोड़ 61 लाख रुपए की लागत से रेंटल हाउसिंग प्रोजेक्ट विकसित किया जाएगा, जिससे किराए पर मकान लेने में आने वाली कठिनाइयाँ कम होंगी और स्थानीय नागरिकों को आवास संबंधी सुविधा मिलेगी।

********
आरसी/केएसआर/एआर
(Release ID: 2172820)
Visitor Counter : 112