रक्षा मंत्रालय
रक्षा मंत्रालय में ‘स्वच्छता विशेष अभियान 5.0’ के तहत इलेक्ट्रॉनिक कचरे एवं अनुपयोगी वस्तुओं का निस्तारण
प्रविष्टि तिथि:
29 OCT 2025 5:18PM by PIB Delhi
रक्षा मंत्रालय द्वारा 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक स्वच्छता विशेष अभियान 5.0 चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य मंत्रालय के विभिन्न भवनों और परिसरों में ई-वेस्ट तथा अनुपयोगी वस्तुओं के निस्तारण, स्थान के पुनः उपयोग और स्वच्छता को बढ़ावा देना आदि है ।
इस अभियान के तहत मंत्रालय परिसर में रखी अनुपयोगी वस्तुओं एवं ई-वेस्ट का निस्तारण दो चरणों में किया गया। प्रथम चरण में 26 सितंबर 2025 को नीलामी प्रक्रिया में कुल ₹3,50,460 (कर सहित) का राजस्व प्राप्त हुआ। तत्पश्चात, द्वितीय चरण 3 अक्टूबर 2025 को आयोजित किया गया जिसमें नीलामी में ₹3,85,000 (कर सहित) का राजस्व अर्जित हुआ। इस प्रकार दोनों चरणों में कुल ₹7,35,460 (कर सहित) का राजस्व प्राप्त हुआ।
इस अभियान की अवधि के दौरान मंत्रालय के एम-5 साउथ ब्लॉक, सेना भवन तथा कश्मीरी हाउस में रखी अनुपयोगी वस्तुओं का निस्तारण करते हुए लगभग 5600 वर्गफुट स्थान को खाली कराया गया। साथ ही, एम-5 साउथ ब्लॉक स्थित कमरा संख्या एम-5 का रिनोवेशन किया गया, जिससे लगभग 400 वर्ग फुट अतिरिक्त स्थान को कार्यालय उपयोग एवं स्टोर हेतु पुनः उपयोगी हेतु बनाया गया।
इस अभियान के दौरान कार्यालयों और परिसरों में स्वच्छता, सुव्यवस्था और स्थान के बेहतर उपयोग को प्रोत्साहन मिला। एम-5 साउथ ब्लॉक, सेना भवन और कश्मीरी हाउस में निरंतर की गई सफाई गतिविधियों से कार्यालय के वातावरण में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
इस अभियान के सफल संचालन में संयुक्त सचिव (स्थापत्य) एवं उनकी टीम, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम की शुरुआत में अपर सचिव श्रीमती दीप्ति मोहिल चावला ने सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई एवं स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया।
***
विजय/गोपाल/स्वामी
(रिलीज़ आईडी: 2183822)
आगंतुक पटल : 136