युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने एसएआई में सहायक प्रशिक्षकों के लिए ऐतिहासिक भर्ती अभियान की घोषणा की
आने वाले वर्षों में भारत की खेल संबंधी महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने में रणनीतिक भर्ती एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी: डॉ. मांडविया
केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि यह पहल भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है
एसएआई भर्ती अभियान के तहत 25 खेल विधाओं में 320 से अधिक सहायक कोच पद भरे जाएंगे
भारत के कोचिंग नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम – 50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए होंगे आरक्षित
प्रविष्टि तिथि:
10 NOV 2025 6:16PM by PIB Delhi
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) में सहायक कोच (स्तर-06, 7वें वेतन आयोग के अनुसार वेतनमान) के पद के लिए ऐतिहासिक भर्ती अभियान को मंजूरी दे दी है। यह 2017 के बाद से पहला बड़ा भर्ती अभियान है और भारतीय खेलों में इस महत्वपूर्ण संवर्ग के लिए अब तक की सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रिया है। केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज मीडिया के साथ बातचीत में इस निर्णय की घोषणा की।
डॉ. मांडविया ने कहा, ‘‘निष्पक्षता, पारदर्शिता और योग्यता सुनिश्चित करने के लिए सर्वोत्तम उपलब्ध कोचिंग प्रतिभा की पहचान करने और उन्हें शामिल करने के उद्देश्य से एक व्यापक चयन प्रक्रिया स्थापित की जा रही है। यह रणनीतिक भर्ती आने वाले वर्षों में भारत की खेल महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘यह पहल भारत को एक वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने और पारदर्शी, योग्यता-आधारित प्रणालियों एवं संस्थागत क्षमता निर्माण के माध्यम से देश के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है।’’
सीधी भर्ती के माध्यम से 25 से अधिक खेल विधाओं में 320 से अधिक रिक्तियां भरी जाएंगी। सहायक कोच संवर्ग देश के खेल विकास ढांचे में एक महत्वपूर्ण कड़ी है - जो जमीनी स्तर से लेकर उच्च स्तर तक खेल प्रतिभाओं की पहचान करने और उन्हें विकसित करने के लिए आधार के रूप में कार्य करता है। इस संवर्ग को मजबूत करने से पूरे भारत में खिलाड़ियों को सुव्यवस्थित, उच्च-गुणवत्ता वाली कोचिंग सहायता सुनिश्चित होगी।
भर्ती प्रक्रिया को ओलंपिक और एशियाई खेलों के लिए सरकार की पदक रणनीति के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, जिसमें ऐसे खेल विधाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा जिनमें पदक मिलने की संभावना अधिक हो जैसे कि जलक्रीड़ा, साइकिलिंग और अन्य खेल। साथ ही, ऐसे खेलों पर भी जोर दिया जा रहा है जो देश में व्यापक खेल संस्कृति और समग्र खेल पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में योगदान दें। कुछ ऐसे खेल विधाओं में प्रशिक्षकों की भर्ती के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जिन पर इससे पूर्व कम ध्यान दिया गया है, जैसे लॉन टेनिस, कयाकिंग और कैनोइंग तथा इन खेलों के बढ़ते महत्व और क्षमता को मान्यता दी जा रही है।
लैंगिक समावेशिता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप, 50 प्रतिशत से अधिक पद महिला प्रशिक्षकों के लिए आरक्षित होंगे। इससे न केवल देश में महिला प्रशिक्षकों की कमी दूर होगी, बल्कि सुरक्षित खेल वातावरण भी मजबूत होगा, जिससे महिला खिलाड़ियों के लिए सहज वातावरण, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा, जो लगातार देश का मान बढ़ा रही हैं।
यह पहल एक मजबूत, समावेशी और प्रदर्शन-केंद्रित कोचिंग पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के लिए मंत्रालय के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करती है, जो भारत के वैश्विक खेल महाशक्ति के रूप में उभारने के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
***
पीके/केसी/एसएस/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2188543)
आगंतुक पटल : 82