पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
नई दिल्ली में भारत और रूस के बीच उच्च-स्तरीय अंतर-एजेंसी परामर्श बैठक
प्रविष्टि तिथि:
17 NOV 2025 10:01PM by PIB Delhi
नई दिल्ली में आज केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल और रूसी संघ के राष्ट्रपति के सहयोगी एवं रूसी समुद्री बोर्ड के अध्यक्ष महामहिम निकोलाई पात्रुशेव की अध्यक्षता में भारत और रूस ने उच्चस्तरीय अंतर-एजेंसी परामर्श बैठक की। इस बैठक में दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने समुद्री क्षेत्र में सहयोग के सभी विषयों की विस्तार से समीक्षा की।
इन चर्चाओं ने भारत और रूस के बीच गहन और स्थायी तथा विशेष और विशिष्ट प्रकार की रणनीतिक साझेदारी की पुष्टि की है जो आपसी विश्वास, सम्मान और दीर्घकालिक आर्थिक तथा रणनीतिक सहयोग के साझा दृष्टिकोण पर आधारित है। दोनों पक्षों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से दिए जा रहे प्रभावशाली मार्गदर्शन की सराहना की जो भारत-रूस के बीच साझेदारी के विस्तार को लगातार आकार दे रहा है। इस दौरान पोत निर्माण, व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी सहयोग सहित संभावित सहयोग और मिलकर काम करने के क्षेत्रों की संभावनाओं को तलाश के लिए कई मुद्दों पर बातचीत की गई।
दोनों पक्षों ने व्यापक और दूरदर्शी वार्ताओं पर संतोष व्यक्त किया तथा पोत निर्माण, पत्तन विकास, समुद्री व्यवस्था, आर्कटिक क्षेत्र में कामकाज के संचालन, अनुसंधान और प्रशिक्षण में गहरे सहयोग की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। यह बैठक समुद्री क्षेत्र में अधिक सामर्थ्यवान, कुशल और टिकाऊ साझेदारी कायम करने के साझा संकल्प के साथ संपन्न हुई जो दोनों देशों की दीर्घकालिक समृद्धि में योगदान देगी और क्षेत्रीय तथा वैश्विक संपर्क को मजबूत करेगी।




***
पीके/केसी/केके/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2191109)
आगंतुक पटल : 49