ग्रामीण विकास मंत्रालय
ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा ‘राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह’ का आयोजन
14 से 20 नवम्बर, 2025 तक मनाया गया ‘राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह’
‘सभी के लिए पुस्तक’ थीम पर पुस्तक प्रदर्शनी एवं लेखक संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन
Posted On:
20 NOV 2025 8:36PM by PIB Delhi
ग्रामीण विकास मंत्रालय के पुस्तकालय अनुभाग द्वारा 14 से 20 नवम्बर, 2025 तक ‘राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह’ मनाया गया। इस दौरान पुस्तकें पढ़ने एवं ज्ञान-साझाकरण की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए विशिष्ठ प्रकाशकों एवं विक्रेताओं द्वारा पुस्तक प्रदर्शनी, कर्मचारियों द्वारा पुस्तक पहचानो प्रतियोगिता समेत विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री शैलेश कुमार सिंह ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने पुस्तकों की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि हर व्यक्ति को हर महीने कम से कम एक पुस्तक पढ़ने का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के समग्र विकास में पुस्तकालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पंचायत व नगर निकाय स्तर पर पुस्तकालयों के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने DAY-NRLM द्वारा विभिन्न राज्यों में संचालित सफल पुस्तकालय अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि इन पहलों का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नियमित रूप से पुस्तकों के अध्ययन की आदत विकसित करने एवं पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने की अपील की। इस दौरान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं लेखकों ने भी अपने विचार साझा किए।

इस विशेष अवसर पर कर्तव्य भवन परिसर में ‘सभी के लिए पुस्तक’ विषय पर आधारित पुस्तक प्रदर्शनी एवं लेखन संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य पुस्तकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं पुस्तकालयों की भूमिका को रेखांकित करना रहा, जो समाज में ज्ञान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हैं।
सप्ताह भर चले इस आयोजन में मंत्रालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लेखकों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर प्रकाशकों को अपनी नवीनतम प्रकाशन सामग्री प्रदर्शित करने के आमंत्रित किया गया। साथ ही प्रतिष्ठित लेखकों द्वारा उनकी हालिया पुस्तकों पर चर्चा के लिए सत्र आयोजित किए गए। मंत्रालय के अधिकारी जो लेखक भी हैं, उनके साथ पॉडकास्ट सत्र भी आयोजित किए गए।
20 नवम्बर, 2025 को राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह का समापन समारोह कर्तव्य भवन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों, लेखकों एवं अन्य आमंत्रित अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी विशिष्ट अतिथियों ने पुस्तकों के महत्व, उनके सामाजिक प्रभाव एवं सीखने और व्यक्तिगत विकास में उनकी भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों तक पुस्तकालयों एवं पुस्तकों की पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि पढ़ने की संस्कृति ग्रामीण स्तर पर और अधिक मजबूत हो सके।


राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह का आयोजन विभाग के पुस्तकालय की प्रमुख गतिविधियों में से एक है, जिसका उद्देश्य मंत्रालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुस्तकालय उपयोगकर्ताओं से जुड़कर उन्हें ज्ञानार्जन के लिए आवश्यक सामग्री एवं अवसर उपलब्ध कराना है। राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह प्रतिवर्ष 14 से 20 नवम्बर तक देशभर में मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1968 में भारतीय पुस्तकालय संघ (ILA) द्वारा की गई थी, ताकि पुस्तकालयों एवं उनके संसाधनों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाई जा सके।
****
MS
(Release ID: 2192313)
Visitor Counter : 71