लोकसभा सचिवालय
लोक सभा अध्यक्ष ने भारत और जॉर्जिया के बीच संसदीय सहयोग, नए संस्थागत सम्बन्धों और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया
भारत-जॉर्जिया संसदीय मैत्री समूह का गठन आपसी सम्बन्धों को सुदृढ़ करेगा: लोक सभा अध्यक्ष
भारत और जॉर्जिया के बीच छात्र कल्याण, व्यापार, प्रौद्योगिकी और जन संपर्क प्राथमिकता वाले क्षेत्र हैं: लोक सभा अध्यक्ष
जॉर्जिया के संसदीय शिष्टमंडल ने लोक सभा की कार्यवाही का अवलोकन किया
लोक सभा अध्यक्ष ने जॉर्जिया की संसद के चेयरमैन के साथ द्विपक्षीय बैठक की और रणनीतिक सहयोग को बढ़ाने हेतु नए प्रयासों का आह्वान किया
प्रविष्टि तिथि:
02 DEC 2025 7:00PM by PIB Delhi
भारत–जॉर्जिया सम्बन्धों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में, श्री ओम बिरला, लोक सभा अध्यक्ष ने आज जॉर्जिया के उच्चस्तरीय संसदीय शिष्टमंडल के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। शिष्टमंडल का नेतृत्व जॉर्जिया की संसद के चेयरमैन महामहिम श्री शाल्व पापुआश्विली ने किया। वार्ता के दौरान संसदीय सहयोग को बढ़ाने, नए संस्थागत सम्बन्ध स्थापित करने तथा व्यापार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, ऊर्जा और जनसंपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को प्रोत्साहित करने के संबंध में चर्चा की गई ।
शिष्टमंडल का स्वागत करते हुए, श्री बिरला ने ताशकंद में 150वीं अंतर-संसदीय संघ की सभा के दौरान श्री शाल्व पापुआश्विली से अपनी पूर्व बैठक की चर्चा की और भारत एवं जॉर्जिया के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित दीर्घकालीन मित्रतापूर्ण सम्बन्धों पर प्रकाश डाला। उन्होंने जॉर्जिया की संसद में सक्रिय रूप से कार्यरत जॉर्जिया–भारत संसदीय मैत्री समूह की सराहना की और कहा कि भारत की संसद भारत–जॉर्जिया संसदीय मैत्री समूह के गठन की प्रक्रिया में है, ताकि आपसी संसदीय संबंध और मजबूत हों।
वार्ता के दौरान, दोनों पक्षों ने संस्थागत सहयोग को सुदृढ़ करने, सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान और संसदीय समितियों की भूमिका को बढ़ाने पर चर्चा की। श्री बिरला ने भारत की संसदीय समितियों—वित्तीय समितियों, विभागों से संबद्ध स्थायी समितियों, आवास समितियों, तथा संयुक्त/प्रवर समितियों—की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी तथा पारदर्शी निर्णय लेने और विभिन्न पार्टियों के बीच सहयोग के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नियमित संसदीय आदान-प्रदान लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने और विधायी प्रभावशीलता बढ़ाने हेतु आवश्यक हैं।
आर्थिक और क्षेत्रीय सहयोग के बारे में, लोक सभा अध्यक्ष ने बताया कि जॉर्जिया में विशेषकर इस्पात, कृषि, सेवा और अवसंरचना क्षेत्र में भारतीय निवेश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी, औषधि, स्वच्छ ऊर्जा, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्रों में सहयोग की पर्याप्त संभावनाएँ हैं। श्री बिरला ने जॉर्जिया में अध्ययनरत भारतीय छात्रों की संख्या बढ़ने पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनके कल्याण, सुरक्षा और अनुकूल अध्ययन वातावरण सुनिश्चित करने के लिए जॉर्जिया सरकार का आभार प्रकट किया। उन्होंने पर्यटन सम्बन्धों में वृद्धि और दोनों देशों के बीच बेहतर संपर्क का भी स्वागत किया।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने माननीय लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला द्वारा आयोजित शिष्टमंडल सम्मान समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर विदेश राज्य मंत्री श्री कीर्ति वर्धन सिंह, विदेश राज्य मंत्री श्री पबित्रा मार्गेरिटा, संसद सदस्य डॉ. हर्ष वर्धन श्रिंगला, डॉ. शबरी बायरेड्डी और श्री नव चरण माझी भी उपस्थित थे।
इससे पहले दिन में, जॉर्जिया के शिष्टमंडल ने विशेष दीर्घा से लोक सभा की कार्यवाही का अवलोकन किया और 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्यों की सक्रिय भागीदारी और भारत के संसदीय लोकतंत्र की जीवंतता का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
***
AM
(रिलीज़ आईडी: 2198991)
आगंतुक पटल : 14
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English