लोकसभा सचिवालय
azadi ka amrit mahotsav

लोक सभा अध्यक्ष ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

प्रविष्टि तिथि: 03 DEC 2025 7:00PM by PIB Delhi

लोक सभा अध्यक्ष, श्री ओम बिरला ने आज भारत के पूर्व राष्ट्रपति, डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती के अवसर पर संविधान सदन के केन्द्रीय कक्ष में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री, श्री जगत प्रकाश नड्डा; संसदीय कार्य मंत्री तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्री, श्री किरेन रिजिजू; राज्य सभा में नेता विपक्ष, श्री मल्लिकार्जुन खरगे; लोक सभा में नेता विपक्ष, श्री राहुल गांधी; राज्य सभा के उपसभापति, श्री हरिवंश; केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री  (स्वतंत्र प्रभार) और संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री, श्री अर्जुन राम मेघवाल; केन्द्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में राज्य मंत्री, श्रीमती निमुबेन जयन्तीभाई बांभणिया; सांसदों, पूर्व सदस्यों और अन्य विशिष्ट व्यक्तियों ने भी इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद को पुष्पांजलि अर्पित की।

लोक सभा के महासचिव, श्री उत्पल कुमार सिंह ने भी डॉ. राजेंद्र प्रसाद को पुष्पांजलि अर्पित की।

 लोक सभा सचिवालय द्वारा हिंदी और अंग्रेज़ी में प्रकाशित डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जीवनी से आधारित एक पुस्तिका समारोह में उपस्थित विशिष्ट व्यक्तियों को भेंट की गई।

लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने राष्ट्र निर्माण में  डॉ. राजेंद्र प्रसाद के अमूल्य योगदान का सम्मान करते हुए और उन्हें श्रद्धांजलि  देते हुए लिखा :

आधुनिक भारत के प्रमुख निर्माताओं में से एक, डॉ. राजेंद्र प्रसाद एक अग्रणी स्वतंत्रता सेनानी, प्रख्यात विधिवेत्ता और ओजस्वी सांसद थे। जब 1946 में स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माण के लिए संविधान सभा का गठन हुआ, तब उन्हें उसका अध्यक्ष बनने का दायित्व सौंपा गया। इस ऐतिहासिक भूमिका में उन्होंने दृढ़ संकल्प, अनुकरणीय सहनशीलता और दूरदर्शी नेतृत्व के साथ कार्यवाही का मार्गदर्शन और संचालन किया।

बाद में डॉ. प्रसाद  ने भारत गणराज्य के प्रथम राष्ट्रपति के रूप में लगातार दो कार्यकालों तक कार्य करते हुए देश की प्रारंभिक संवैधानिक और लोकतांत्रिक परंपराओं को अपने ज्ञान , विनम्रता और दूरदर्शिता से आकार दिया।

संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चित्र का अनावरण तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एस. राधाकृष्णन द्वारा 5 मई 1964 को  किया गया था।

 

***

AM


(रिलीज़ आईडी: 2199270) आगंतुक पटल : 10
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English