शिक्षा मंत्रालय
सातवें समूह ने किया काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन, काशी और तमिल के ऐतिहासिक संबंधों को जाना
प्रविष्टि तिथि:
14 DEC 2025 3:40PM by PIB Delhi
काशी तमिल संगमम् 4.0 में आए सातवें समूह ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया। दर्शन के पश्चात समूह ने अन्नक्षेत्र में श्री विश्वेश्वर का प्रसाद ग्रहण किया। समूह के आगमन पर काशी विश्वनाथ मंदिर के शास्त्रियों ने पुष्पवर्षा डमरू और वेदध्वनी के साथ सभी अतिथियों का स्वागत किया। सभी अथितियो ने " हर हर महादेव " और "जय विश्वनाथ" के साथ श्री विश्वेश्वर के चरणों में अपनी श्रद्धा व्यक्त की। स्वागत के उपरांत सदस्यों को मंदिर प्रशासन द्वारा काशी विश्वनाथ धाम के भव्य कॉरिडोर का विस्तृत भ्रमण करवाया गया।

भ्रमण के दौरान सभी ने धाम के ऐतिहासिक स्वरूप, स्थापत्य कला, नवनिर्मित सुविधाओं और निरंतर बढ़ती श्रद्धा-धारा के बारे में जानकारी प्राप्त की। भ्रमण पूर्ण होने पर सभी अतिथियों के लिए मंदिर द्वारा संचालित अन्नक्षेत्र में दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई। अन्नक्षेत्र में परोसे गए प्रसाद ने सभी को काशी की सेवा-परंपरा और अतिथि-भावना का गहरा अनुभव कराया। काशी तमिल संगमम् के सातवें समूह का दर्शन और भ्रमण सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक संबंधों को और सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ। रविवार का दिन काशी और तमिल परंपराओं के संगम का महत्वपूर्ण प्रतीक बनकर स्मरणीय रहेगा।

***
PK/BBT
(रिलीज़ आईडी: 2203797)
आगंतुक पटल : 105