कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय
एगमार्कनेट और ई-एनएएम किसानों को मंडी के वास्तविक समय के मूल्य की जानकारी प्रदान करके सशक्त बनाते हैं
प्रविष्टि तिथि:
16 DEC 2025 5:51PM by PIB Delhi
किसानों के लिए मूल्य संबंधी जानकारी के महत्व को समझते हुए, सरकार वर्ष 2000 से देश में विपणन अनुसंधान एवं सूचना नेटवर्क (एमआरआईएन) लागू कर रही है। इस योजना के अंतर्गत विकसित और संचालित एगमार्कनेट पोर्टल, कृषि उपज बाजार समितियों (एपीएमसी) को एकीकृत करता है ताकि किसानों को वास्तविक समय में मूल्य संबंधी जानकारी मिल सके। नवंबर 2025 में इस पोर्टल को तकनीकी रूप से उन्नत करके एगमार्कनेट पोर्टल 2.0 बना दिया गया है। नए मंडियों को पोर्टल से जोड़ना एक सतत प्रक्रिया है। अब तक देशभर में 4367 मंडियों को एगमार्कनेट पोर्टल से जोड़ा जा चुका है ताकि वास्तविक समय में मूल्य संबंधी जानकारी प्रदर्शित की जा सके। खेतों से ही वास्तविक समय में मूल्य और आवक की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा के लिए सरकार ने एगमार्कनेट 2.0 मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया है। यह ऐप मंडी डेटा को मौके पर ही दर्ज करने में सक्षम बनाता है और किसानों को बेहतर विपणन निर्णय लेने के लिए अपने मोबाइल फोन पर मूल्य और आवक की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा देता है।
ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार (ई-एनएएम) एक मांग-आधारित योजना है। ई-एनएएम प्लेटफॉर्म पर नई मंडियों का एकीकरण राज्य सरकारों/केंद्र शासित प्रदेशों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर, उनकी मांग और तत्परता को ध्यान में रखते हुए किया जाता है। इसके विस्तार के लिए कोई विशिष्ट समय-सीमा निर्धारित नहीं है। अब तक 1522 मंडियों को ई-एनएएम पोर्टल पर जोड़ा जा चुका है।
किसानों के लिए मूल्य पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से, ई-एनएएम पोर्टल और मोबाइल ऐप पर सभी व्यापारिक वस्तुओं के वास्तविक समय के मंडी मूल्य प्रदर्शित करता है। ऑनलाइन बोली प्रक्रिया उचित मूल्य निर्धारण सुनिश्चित करती है और किसानों को समय पर भुगतान के लिए ई-भुगतान की सुविधा प्रदान करती है।
ई -एनएएम मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से 247 अधिसूचित वस्तुओं के लिए निःशुल्क मोबाइल-आधारित मूल्य सूचना सेवा प्रदान की जा रही है । यह ऐप किसानों को आस-पास की ई-एनएएम मंडियों की पहचान करने, प्रचलित कीमतों को देखने और मार्ग का पता लगाने में भी सक्षम बनाता है।
कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर ने बुधवार को लोकसभा में लिखित प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी उपलब्ध कराई।
***
एमजी/एआर/पीसी/ओपी
(रिलीज़ आईडी: 2205099)
आगंतुक पटल : 32