सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
कराड के ऐतिहासिक स्थल पर ‘बंधुता परिषद 2026’ का आयोजन
सामाजिक एकता और बंधुता को सुदृढ़ करने का संकल्प
प्रविष्टि तिथि:
02 JAN 2026 2:06PM by PIB Delhi
भारतीय संविधान के निर्माता भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की 2 जनवरी 1940 को, कराड में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा भेंट की 86वीं वर्षगांठ पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक घटना की स्मृति में तथा समाज में बंधुता और एकता के मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘बंधुता परिषद 2026’ एवं आपुलकी मिलन समारोह का आयोजन शुक्रवार, 2 जनवरी 2026 को सायं 4 बजे कराड के भवानी मैदान, पंतांचा कोट, सोमवार पेठ में किया जाएगा।
यह वही ऐतिहासिक स्थल है जहां डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर ने संघ शाखा को भेंट दी थी। उस अवसर पर डॉ. अंबेडकर ने अपने भाषण में कहा था – “कुछ बातों में मतभेद होने के बावजूद मैं इस संघ को अपनत्व की दृष्टि से देखता हूँ।” इस उद्धरण का उल्लेख समाचार पत्र ‘केसरी’ (9 जनवरी 1940) तथा ‘जनता’ साप्ताहिक (20 जनवरी 1940) में प्रकाशित हुआ था। यह घटना समाज में मतभेदों के बावजूद अपनत्व और बंधुता बनाए रखने का अनुपम उदाहरण है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री शिवेंद्रसिंह राजे भोसले (लोक निर्माण मंत्री, महाराष्ट्र राज्य) होंगे। मुख्य वक्ता के तौर पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के माननीय अध्यक्ष श्री किशोर मकवाना अपने विचार रखेंगे। विशिष्ट उपस्थिति पद्मश्री मिलिंद कांबळे (राष्ट्रीय अध्यक्ष, DICCI - दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) की रहेगी।
कार्यक्रम का आयोजन लोक कल्याण मंडल ट्रस्ट, कराड द्वारा किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सामाजिक सद्भाव, एकता और बंधुता के संदेश को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
*****
के. वी / एच के
(रिलीज़ आईडी: 2210757)
आगंतुक पटल : 527