विधि एवं न्‍याय मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

विधि एवं न्याय मंत्रालय, विधायी विभाग, राजभाषा शाखा की 14वीं “हिंदी सलाहकार समिति” की पहली बैठक नई दिल्ली में आयोजित हुई


विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल ने विधि क्षेत्र में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के महत्व पर बल दिया

प्रविष्टि तिथि: 08 JAN 2026 6:05PM by PIB Delhi

विधि एवं न्याय मंत्रालय, विधायी विभाग, राजभाषा शाखा की 14 वीं “हिंदी सलाहकार समिति ” की पहली बैठक आज डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र, नई दिल्ली में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस अवसर पर राजभाषा के प्रगतिशील उपयोग के विषय पर चर्चा हुई।

केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल ने हिंदी के संवर्धन के लिए मंत्रालय के राजभाषा शाखा की पहलों और प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विधि के क्षेत्र में राजभाषा हिंदी के उपयोग में सराहनीय कार्य करने के लिए विधि विभाग के राजभाषा शाखा की प्रशंसा की। बैठक के दौरान, विधि के क्षेत्र में राजभाषा यानी हिंदी के प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि राजभाषा की उपयोगिता को आम आदमी के दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए, जिसमें "कार्य करने में सुगमता", "शब्दों और अभिव्यक्तियों के प्रयोग में सरलता" और "विचारों और कार्यों को अस्पष्टता से रहित, सही भावना के साथ व्यक्त करना" शामिल है।

 

लोकसभा सांसद और राजभाषा संबंधी संसदीय समिति के उपाध्यक्ष श्री भर्तृहरि महताब ने हिंदी सलाहकार समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने नागरिकों की सुविधा और सुगम्यता के लिए हिंदी शब्दों को सरल बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने राजभाषा शाखा को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने का भी सुझाव दिया।

गैर-सरकारी सदस्यों ने कानूनी क्षेत्र में हिंदी के उपयोग और न्यायालयों में इसके प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न उपायों का भी सुझाव दिया।

***

पीके/केसी/एचएन/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2212600) आगंतुक पटल : 491
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu