संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

दूरसंचार विभाग व्यापक बहुभाषी जागरूकता अभियानों के माध्यम से डिजिटल सुरक्षा को बढ़ावा दे रहा है और दूरसंचार से संबंधित धोखाधड़ी को सक्रिय रूप से रोक रहा है


दूरसंचार विभाग ने फाइनेंशियल फ्रॉड रिस्क इंडिकेटर (एफआरआई) विकसित किया है, जो किसी मोबाइल नंबर को वित्तीय धोखाधड़ी के मध्यम, उच्च या बहुत उच्च जोखिम के साथ जुड़े होने के रूप में वर्गीकृत करता है

प्रविष्टि तिथि: 04 FEB 2026 5:45PM by PIB Delhi

संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने आज लोकसभा में एक अतारांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि दूरसंचार विभाग ने दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग को रोकने और पूरे भारत के स्तर पर नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी से बचाने के लिए निम्नलिखित उपाय किए हैं:

  1. दूरसंचार विभाग ने नागरिकों की सुविधा के लिए संचार साथी नामक एक पहल शुरू की है, जो वेब पोर्टल (www.sancharsaathi.gov.in) और मोबाइल ऐप के रूप में उपलब्ध है। यह नागरिकों को संदिग्ध धोखाधड़ी वाले संचार की रिपोर्ट करने, अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी प्राप्त करने, खोए या चोरी हुए मोबाइल हैंडसेट की रिपोर्ट करने और मोबाइल हैंडसेट की प्रामाणिकता की जाँच करने जैसी सुविधाएँ प्रदान करता है। संचार साथी के माध्यम से अब तक 8.33 लाख खोए या चोरी हुए मोबाइल हैंडसेट बरामद किए गए हैं, नागरिकों द्वारा 'नॉट माय नंबर' या 'नॉट रिक्वायर्ड' के रूप में रिपोर्ट किए गए 2.24 करोड़ मोबाइल कनेक्शन काट दिए गए हैं और संदिग्ध एवं धोखाधड़ी के संचार से संबंधित नागरिकों द्वारा दी गई 7.7 लाख जानकारियों के आधार पर 39.44 लाख मोबाइल कनेक्शन बंद किए गए हैं।
  • ii. दूरसंचार विभाग और दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) ने भारतीय मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने वाली अंतरराष्ट्रीय स्पूफ़्ड कॉल्स की पहचान करने और उन्हें ब्लॉक करने के लिए एक प्रणाली विकसित की है। इस प्रणाली के परिणामस्वरूप ऐसी कॉल्स के प्रयासों में लगभग 99 प्रतिशत की कमी आई है।
  1. दूरसंचार विभाग ने अलग-अलग नामों से एक ही व्यक्ति द्वारा लिए गए सिम कार्डों की पहचान करने के लिए 'ASTR' नामक एक स्वदेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बिग डेटा एनालिटिक्स टूल विकसित किया है। ASTR के आधार पर, रीवेरिफिकेशन में विफल रहने वाले 88 लाख से अधिक मोबाइल कनेक्शन काट दिए गए हैं।
  • iv. दूरसंचार विभाग ने साइबर अपराधों और वित्तीय धोखाधड़ी में दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग को रोकने के लिए डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म (डीआईपी) स्थापित किया है, जो हितधारकों के बीच द्विपक्षीय सूचना साझा करने के लिए एक सुरक्षित ऑनलाइन मंच है। डीआईपी पर अब तक 1200 से अधिक संगठनों को जोड़ा जा चुका है, जिनमें केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां, 36 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की पुलिस, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C), 1100 बैंक, यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) सेवा प्रदाता, भुगतान प्रणाली ऑपरेटर (पीएसओ), दूरसंचार सेवा प्रदाता (टीएसपी) और व्हाट्सएप आदि शामिल हैं।
  1. दूरसंचार विभाग ने फाइनेंशियल फ्रॉड रिस्क इंडिकेटर (एफआरआई) विकसित किया है, जो एक  रिस्क-बेस्ड मेट्रिक है। यह किसी मोबाइल नंबर को वित्तीय धोखाधड़ी के मध्यम, उच्च या बहुत उच्च जोखिम के साथ जुड़े होने के रूप में वर्गीकृत करता है। एफआरआई के आधार पर, बैंक और यूपीआई सेवा प्रदाताओं जैसे हितधारक अपने संबंधित क्षेत्रों में जुड़े खातों या प्रोफाइल के विश्लेषण के अनुसार आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हैं। हितधारकों द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, लेनदेन को अस्वीकार करने और नागरिकों को दिए गए अलर्ट/नोटिफिकेशन के आधार पर अब तक ₹1000 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी राशि को रोका गया है।

आपदा प्रबंधन के लिए सार्वजनिक चेतावनी प्रणालियों को कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल (सीएपी)-आधारित एकीकृत अलर्ट प्रणाली के राष्ट्रव्यापी कार्यान्वयन के माध्यम से मजबूत किया गया है। स्वदेशी समाधानों का उपयोग करते हुए, यह प्रणाली आपदा प्रबंधन अधिकारियों, अलर्ट जारी करने वाली एजेंसियों और दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) सहित अलर्ट प्रसारित करने वाली एजेंसियों के साथ घनिष्ठ समन्वय में आपातकालीन चेतावनियों के समय पर, जियो-टारगेटेड और बहुभाषी प्रसार को सक्षम बनाती है।

दूरसंचार विभाग ने T-CSIRT फ्रेमवर्क तैयार किया है, जो दूरसंचार इकोसिस्टम के लिए सेक्टोरल इंसिडेंट रिस्पॉन्स और साइबर सिक्योरिटी कोऑर्डिनेशन फंक्शन हा। इसका मुख्य उद्देश्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) के दूरसंचार नेटवर्क, जिसमें क्रिटिकल टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल है, को प्रभावित करने वाली साइबर घटनाओं और कमजोरियों का समय पर पता लगाना, उनका विश्लेषण करना, समन्वय करना और उन्हें कम करना है।

दूरसंचार विभाग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, समाचार लेखों, डिजिटल स्क्रीन, सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग्स, टीवी और रेडियो संदेशों, एसएमएस अभियानों और संचार मित्र योजना के माध्यम से स्टूडेंट वॉलंटियर्स सहित व्यापक बहुभाषी जागरूकता अभियानों के माध्यम से डिजिटल सुरक्षा को सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रहा है और दूरसंचार से संबंधित धोखाधड़ी को रोक रहा है।

************

पीके/केसी/डीवी/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2223361) आगंतुक पटल : 47
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English