सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
केरल के कासरगोड जिले के अरिकडी में एनएच-66 पर अस्थायी टोल प्लाजा को हटाया गया
प्रविष्टि तिथि:
04 FEB 2026 5:27PM by PIB Delhi
यात्रियों की सुविधा और जनकल्याण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, भारत सरकार ने केरल के कासरगोड ज़िले में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 (NH-66) पर अरिकाडी के निकट स्थित अस्थायी टोल प्लाज़ा को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्णय लिया है। यह अस्थायी टोल प्लाज़ा NH-66 के विकास एवं अनुरक्षण से संबंधित परिचालन व्यवस्थाओं के तहत स्थापित किया गया था।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा कॉर्पोरेट कार्य राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा ने आज नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए इस निर्णय की औपचारिक घोषणा की और देशभर में तीव्र बुनियादी ढांचा विकास को आगे बढ़ाते हुए जनकल्याण को प्राथमिकता देने के सरकार के दृष्टिकोण को रेखांकित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार नागरिकों की चिंताओं के प्रति संवेदनशील है और आम जनता को अनावश्यक कठिनाई पहुंचाने वाले मुद्दों के समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी दोहराया कि अवसंरचना विकास सदैव ईज ऑफ लिविंग (जीवन की सुगमता) के साथ-साथ आगे बढ़ना चाहिए।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को केरल में भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई से अरिकाडी स्थित अस्थायी टोल प्लाज़ा से उत्पन्न समस्याओं के संबंध में अभ्यावेदन प्राप्त हुए थे। इन अभ्यावेदनों के प्राप्त होने के पश्चात तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में मंत्रालय ने टोल प्लाज़ा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की व्यापक समीक्षा की।
इस समीक्षा के आधार पर मंत्रालय ने यह निष्कर्ष निकाला कि स्थानीय आबादी को हो रही कठिनाइयाँ तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग करती हैं। तदनुसार यह निर्णय लिया गया कि अरिकाडी के निकट स्थित अस्थायी टोल प्लाज़ा पर संचालन एवं शुल्क वसूली को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए।
इस निर्णय की घोषणा करते हुए श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि शासन व्यवस्था का आधार संवेदनशीलता और जवाबदेही होना चाहिए, और उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय स्थानीय निवासियों द्वारा झेली जा रही वास्तविक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और श्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में पिछले एक दशक के दौरान भारत ने अवसंरचना विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। सरकार ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में संपर्कता बढ़ाने और आर्थिक संभावनाओं को साकार करने के उद्देश्य से निरंतर परिवर्तनकारी परियोजनाएँ शुरू की हैं।
श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सरकार भविष्य के लिए तैयार भारत के निर्माण के अपने मिशन पर दृढ़ता से आगे बढ़ रही है, जहाँ विकास के साथ करुणा का संतुलन हो और प्रत्येक नीतिगत निर्णय जनता की आकांक्षाओं एवं कल्याण को प्रतिबिंबित करे। अरिकाडी स्थित अस्थायी टोल प्लाज़ा को हटाने का निर्णय सुशासन का एक और उदाहरण है—जिसमें नागरिकों की बात सुनी गई, चुनौतियों का समाधान किया गया और यह सुनिश्चित किया गया कि विकास अंततः उन्हीं के हित में हो, जिनके लिए वह किया जा रहा है।
****
पीके/केसी/वीएस
(रिलीज़ आईडी: 2223558)
आगंतुक पटल : 20