विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

संसद प्रश्न: सीएसआईआर द्वारा प्रदान किए गए अनुदान

प्रविष्टि तिथि: 05 FEB 2026 3:45PM by PIB Delhi

वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के वैज्ञानिकों को विशेष वेतन, दो अतिरिक्त वेतनवृद्धियां और व्यावसायिक अद्यतन भत्ता (पीयूए) प्रदान किए जाने के मुद्दे की लोक लेखा समिति (पीएसी) ने संसद में प्रस्तुत अपनी 34वीं रिपोर्ट (2025-26) में विस्तार से समीक्षा की है। समिति ने पाया है कि वित्त मंत्रालय ने जनवरी 2001 में सीएसआईआर को ये प्रोत्साहन कुछ शर्तों के अधीन स्वीकृत किए थे, जिनमें यह प्रमुख शर्त शामिल थी कि इससे उत्पन्न होने वाला अतिरिक्त वित्तीय भार सीएसआईआर को अपने आंतरिक संसाधनों से वहन करना होगा। हालांकि, समिति ने यह भी पाया है कि सीएसआईआर ऐसे व्यय की निगरानी के लिए पृथक बजटीय मद बनाए रखने में सक्षम नहीं रहा है। इस संबंध में सीएसआईआर ने समिति को अवगत कराया है कि वह वेतन और स्थापना व्यय में किसी भी संभावित कमी की पूर्ति हेतु सरकारी अनुदानों के अतिरिक्त नियमित रूप से अपने आंतरिक संसाधनों का उपयोग करता रहा है, जिसमें उक्त प्रोत्साहन भी सम्मिलित हैं।

लोक लेखा समिति ने यह पाया है कि छठे केंद्रीय वेतन आयोग को लागू करते समय सीएसआईआर ने व्यय विभाग (डीओई) की स्पष्ट पूर्व स्वीकृति प्राप्त किए बिना रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के पैटर्न पर इन प्रोत्साहनों की दरों में संशोधन किया। सीएसआईआर ने समिति को अवगत कराया है कि यह संशोधन उसके शासी निकाय की स्वीकृति से किया गया था और इन प्रोत्साहनों को नियमित करने के उद्देश्य से वित्त मंत्रालय/व्यय विभाग की सहमति प्राप्त करने हेतु संबंधित प्रस्ताव वर्तमान में व्यय विभाग में विचाराधीन हैं।

सार्वजनिक धन की किसी भी प्रकार की हेराफेरी अथवा जानबूझकर की गई धोखाधड़ी का कोई मामला प्रमाणित नहीं हुआ है। यह विषय मुख्यतः प्रोत्साहन योजनाओं के कार्यान्वयन में उत्पन्न प्रक्रियात्मक एवं अनुमोदन से संबंधित मुद्दों से जुड़ा है, जिनकी जांच लोक लेखा समिति द्वारा की जा चुकी है। संबंधित मामलों को नियमित किए जाने के उद्देश्य से यह विषय वर्तमान में व्यय विभाग के विचाराधीन है।

लोक लेखा समिति की सिफारिशों के अनुपालन में, सीएसआईआर ने प्रोत्साहनों के नियमितीकरण हेतु वित्त मंत्रालय/व्यय विभाग की सहमति प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं। सीएसआईआर द्वारा प्रस्तुत इन प्रस्तावों की वर्तमान में व्यय विभाग द्वारा जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों और लागू नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

***

पीके/केसी/एनके/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2224006) आगंतुक पटल : 46
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil