जनजातीय कार्य मंत्रालय
एनईएसटीएस ने ईएसएसई-2025 टियर-1 के नतीजों पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि "निगेटिव मार्किंग द्वारा चयन" को लेकर मीडिया रिपोर्टें भ्रामक हैं
ईएसएसई-2025 भर्ती: केवल पहले चरण की स्क्रीनिंग होगी, अंतिम चयन दूसरे चरण और साक्षात्कार के आधार पर होगा - एनईएसटीएस
प्रविष्टि तिथि:
06 FEB 2026 3:16PM by PIB Delhi
जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा समिति (एनईएसटीएस) ने ईएसएसई-2025 भर्ती परीक्षा के पहले चरण के परिणाम घोषित होने के बाद प्रकाशित कुछ मीडिया रिपोर्टों पर स्पष्टीकरण जारी किया है। एनईएसटीएस ने कहा कि कुछ रिपोर्टों में यह दावा करके भ्रामक तस्वीर पेश की गई है कि कम या निगेटिव मार्किंग वाले उम्मीदवारों का भी चयन हो गया है, जो तथ्यात्मक रूप से गलत है और अधिसूचित भर्ती ढांचे को प्रतिबिंबित नहीं करता है।
एनईएसटीएस ने बताया कि 7,267 शिक्षण और गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती के लिए ईएसएसई -2025 की अधिसूचना जारी की गई थी और चयन प्रक्रिया दो चरणों वाली परीक्षा प्रणाली पर आधारित है। सीबीएसई द्वारा दिसंबर 2025 में आयोजित पहला चरण (टियर-1) केवल स्क्रीनिंग और योग्यता परीक्षण है, जिसका उद्देश्य दूसरे चरण (टियर-2) के लिए उम्मीदवारों का चयन करना है। ईएसएसई -2025 अधिसूचना के अनुसार, प्रत्येक पद के लिए उम्मीदवारों का चयन 1:10 के अनुपात में किया जाता है, इसलिए पहले चरण (टियर-1) का कट-ऑफ चयनित होने वाले उम्मीदवारों की संख्या के आधार पर निर्धारित किया जाता है, न कि अंतिम नियुक्ति के लिए उपयुक्तता के आधार पर।
एनईएसटीएस ने आगे स्पष्ट किया कि ईएसएसई -2025 अधिसूचना में निगेटिव मार्किंग सहित मार्किंग स्कीम का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया था। टियर-1 में कम या निगेटिव कट-ऑफ का होना केवल प्रतियोगी परीक्षा में सापेक्ष निष्पादन को दर्शाता है और नियुक्ति के लिए पात्रता या मानकों में किसी प्रकार की कमी का संकेत नहीं देता है।
एनईएसटीएस ने इस बात पर जोर दिया कि अंतिम योग्यता और चयन पूरी तरह से विषय-विशिष्ट और मूल्यांकनत्मक परीक्षा के माध्यम से निर्धारित किया जाता है, और जहां भी लागू हो, साक्षात्कार के माध्यम से भी किया जाता है। प्रधानाचार्य पद के लिए, प्रक्रिया में एक टियर-2 परीक्षा और उसके बाद साक्षात्कार शामिल है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केवल पेशेवर रूप से योग्य उम्मीदवारों का ही चयन हो। उम्मीदवारों को टियर-2 में न्यूनतम अर्हता अंक प्राप्त करने होंगे, जो सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 30 प्रतिशत और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 25 प्रतिशत हैं; अन्यथा वे टियर-1 में अपने प्रदर्शन की परवाह किए बिना स्वतः ही अयोग्य घोषित हो जाएंगे।
समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में उल्लिखित वेतनमान मानक सरकारी वेतनमान हैं और भर्ती की सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही लागू होते हैं। यह दोहराते हुए कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, नियम-आधारित और योग्यता-आधारित तरीके से संचालित की जा रही है, एनईएसटीएस ने मीडिया संगठनों से प्रकाशन से पहले तथ्यों की पुष्टि करने का आग्रह किया ताकि जनता को गुमराह न किया जाए।
***
पीके/केसी/एसकेएस/केके
(रिलीज़ आईडी: 2224560)
आगंतुक पटल : 53