सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भुवनेश्वर राजधानी क्षेत्र रिंग रोड परियोजना के निर्माण के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को बोलीदाताओं से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है।

प्रविष्टि तिथि: 10 FEB 2026 3:06PM by PIB Delhi

ओडिशा में 111 किलोमीटर लंबी छह लेन वाली नियंत्रित आवागमन ग्रीनफील्ड (नई योजना) राजधानी क्षेत्र रिंग रोड (भुवनेश्वर बाईपास) परियोजना के कार्यान्वयन के लिए एनएचएआई को बोलीदाताओं से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने परियोजना के निर्माण के लिए तीन चरणों में बोलियां आमंत्रित की थीं और सभी चरणों में बोलीदाताओं की उत्साहजनक भागीदारी रही। परियोजना के चरण-I के लिए 23 बोलियां, चरण-II के लिए 25 बोलियां और चरण-III के लिए 16 बोलियां प्राप्त हुईं। यह सभी चरणों में प्रतिभागियों की कड़ी प्रतिस्पर्धा और गहरी रुचि को दर्शाता है। बोलियों का आवंटन मार्च 2026 तक होने की उम्मीद है। परियोजनाओं के आवंटन के तुरंत बाद कार्य शुरू हो जाएगा और इसे 2.5 वर्षों की अवधि में पूरा किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने छह लेन वाली निंयत्रित आवागमन ग्रीनफील्ड (नई योजना) राजधानी क्षेत्र रिंग रोड (भुवनेश्वर बाईपास) परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना में रामेश्वर से टांगी तक 111 किलोमीटर लंबी रिंग रोड का विकास शामिल है और इसे हाइब्रिड एन्युटी मोड (एचएम) के तहत तीन पैकेजों में कार्यान्वित किया जाएगा। परियोजना की अनुमानित पूंजी लागत 8,307.74 करोड़ रूपए है। परियोजना के कार्यान्वयन के लिए लगभग 96 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण, वन, वन्यजीव और पर्यावरण संबंधी मंजूरी पूरी हो चुकी है।

राजधानी क्षेत्र रिंग रोड (भुवनेश्वर बाईपास) का काम पूरा हो जाने से भुवनेश्वर, कटक और खोरधा के शहरी क्षेत्रों में भीड़भाड़ कम करके क्षेत्रीय संपर्क और आवागमन में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। यह नियंत्रित कॉरिडोर क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा देगा, रसद लागत को कम करेगा, पर्याप्त रोजगार सृजित करेगा और दीर्घकालिक आर्थिक विकास को समर्थन देगा, साथ ही पूरे क्षेत्र में सुरक्षित, तेज और अधिक टिकाऊ यात्रा को बढ़ावा देगा।

***

पीके/केसी/वीके/केएस 


(रिलीज़ आईडी: 2226020) आगंतुक पटल : 33
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Telugu