पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
बंदरगाहों में निजी क्षेत्र की परिचालन हिस्सेदारी में वृद्धि
प्रविष्टि तिथि:
13 FEB 2026 5:53PM by PIB Delhi
प्रमुख बंदरगाहों द्वारा संभाले गए कार्गो (माल) की मात्रा वित्तीय वर्ष 2014-15 के 581.34 मिलियन मीट्रिक टन (एमएमटी) से बढ़कर वित्तीय वर्ष 2024-25 में 854.86 एमएमटी हो गई है। इसी अवधि के दौरान, प्रमुख बंदरगाहों के अलावा अन्य बंदरगाहों (ओटीएमपी) द्वारा संभाला गया कार्गो 470.89 एमएमटी से बढ़कर 742.41 एमएमटी हो गया है। अतः, वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान, देश में संभाले गए कुल कार्गो में प्रमुख बंदरगाहों की हिस्सेदारी 53.52% है, और इस प्रकार वे इस क्षेत्र में प्रमुख खिलाड़ी बने हुए हैं।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग क्षेत्र में नीतिगत सुधारों ने खुली प्रतिस्पर्धा और पारदर्शी नीलामी पद्धति के माध्यम से समान अवसर प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित किया है, जिससे सभी बाजार प्रतिभागी केंद्र सरकार और प्रमुख बंदरगाह प्राधिकरण अधिनियम, 2021 के दायरे में टर्मिनलों, बर्थों, सुविधाओं आदि के लिए स्वतंत्र रूप से प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं। विशेष रूप से, 'मॉडल कंसेशनायर एग्रीमेंट 2021', पारदर्शी बोली प्रक्रिया के माध्यम से सभी हितधारकों को समान अवसर प्रदान करता है। इसके अलावा, इस क्षेत्र में 100% प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार के खिलाड़ियों के लिए निवेश के अवसर खोले हैं। सरकार समुद्री परिदृश्य में दक्षता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए सार्वजनिक-निजी सहभागिता (पीपीपी) मॉडल को बढ़ावा देने हेतु एक सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपना रही है।
यह जानकारी केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री, श्री सर्बानंद सोनोवाल ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में दी।
***
पीके/केसी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2227922)
आगंतुक पटल : 19