रक्षा मंत्रालय
नौसेना आयुध संगठन ने 24वें ओआईसी सम्मेलन और 7वीं आईटी, परियोजना एवं अवसंरचना बैठक (आईपीआईएम) का सफलतापूर्वक समापन किया
प्रविष्टि तिथि:
13 FEB 2026 8:42PM by PIB Delhi
नौसेना आयुध संगठन (एनएओ) ने 12-13 फरवरी 2026 को मसूरी स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के 'इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट' (आईटीएम) में अपने वार्षिक 24वें प्रभारी अधिकारी (ओआईसी) सम्मेलन और 7वीं आईटी, परियोजना एवं अवसंरचना बैठक (आईपीआईएम) का सफलतापूर्वक समापन किया। इस दो दिवसीय कार्यक्रम की अध्यक्षता नौसेना आयुध महानिदेशक, श्री दिवाकर जयंत, आईएनएएस ने की। इस उच्च स्तरीय बैठक में नौसेना आयुध डिपो के मुख्य महाप्रबंधकों और महाप्रबंधकों के रूप में कार्यरत वरिष्ठ आईएनएएस अधिकारियों ने भाग लिया। इस बैठक का मुख्य केंद्र संगठन के भीतर प्रशासनिक कुशलता, कार्मिक प्रबंधन और इंजीनियरिंग प्रौद्योगिकियों को सुदृढ़ करना था। सम्मेलन के दौरान वर्तमान में चल रही आईटी पहलों और अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
यह आयोजन नौसेना आयुध संगठन (एनएओ) के शीर्ष नेतृत्व के लिए रणनीतिक उद्देश्यों में सामंजस्य स्थापित करने और भारतीय नौसेना के विस्तार को समर्थन देने के लिए क्षेत्रीय इकाइयों में मानव संसाधन तथा महत्वपूर्ण अवसंरचना की तैयारी की समीक्षा करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।
अपने संबोधन में, महानिदेशक ने बेड़े को दिए जा रहे निरंतर सहयोग के लिए डिपो की सराहना की और आयुध रखरखाव तथा बुनियादी ढांचे के विकास में 'आत्मनिर्भरता' की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों से समुद्री क्षेत्र में उभरती सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए संवहनीय और नवीन पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।
दो दिवसीय इस कार्यक्रम का समापन सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) में हुई प्रगति का लाभ उठाकर नौसेना आयुध संगठन (एनएओ) के डिजिटल रूपांतरण के रोडमैप के साथ हुआ। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संगठन भविष्य के लिए पूरी तरह तैयार और तकनीकी रूप से उन्नत रहे, ताकि राष्ट्र के समुद्री क्षेत्रों की प्रभावी ढंग से रक्षा और सहायता की जा सके।
(6)HB7B.jpeg)
(6)FJCY.jpeg)
(2)UOQ7.jpeg)
***
पीके/केसी/एसके/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2227926)
आगंतुक पटल : 83
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English