उप राष्ट्रपति सचिवालय
उपराष्ट्रपति ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट की व्यापक सफलता की कामना की
प्रविष्टि तिथि:
16 FEB 2026 2:01PM by PIB Delhi
उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट प्रारंभ होने पर अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
उपराष्ट्रपति ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत जनहितैषी और लोकतांत्रिक एआई भविष्य को आकार देने के वैश्विक प्रयासों में सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि यही दृष्टिकोण इस शिखर सम्मेलन के विषय, "सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय" में प्रतिबिंबित होता है, जिसका अर्थ है सब के कल्याण और सुख के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस।
भारत के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस- कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रति दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसके विकास के केंद्र में जनहित, सुलभता और वैश्विक सहयोग को रखते हुए, भारत विकसित देशों की तकनीकी शक्तियों को विकासशील देशों की व्यापकता और क्षमता से जोड़ना चाहता है, जिससे विश्व स्तर पर समावेशी और साझा प्रगति को बढ़ावा मिले।
उपराष्ट्रपति ने पिछले वर्ष पेरिस में आयोजित एआई एक्शन समिट में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के शब्दों को स्मरण करते हुए कहा, "कुछ लोग मशीनों के मनुष्यों से अधिक बुद्धिमान होने को लेकर चिंतित हैं, लेकिन हमारे सामूहिक भविष्य और साझा नियति की कुंजी हम मनुष्यों के अतिरिक्त किसी के पास नहीं है।" श्री सीपी राधाकृष्णन ने इस बात पर बल दिया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता को मानव-केंद्रित और उत्तरदायित्व से निर्देशित होना चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने भारत एआई इम्पैक्ट समिट की व्यापक सफलता की कामना की।
***
पीके/केसी/एकेवी/एनजे
(रिलीज़ आईडी: 2228660)
आगंतुक पटल : 211