सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय
राष्ट्रीय लेखा की 2022-23 श्रृंखला में 'कार्यप्रणाली सुधारों पर उप-समिति' की रिपोर्ट जारी करना
प्रविष्टि तिथि:
18 FEB 2026 6:00PM by PIB Delhi
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) राष्ट्रीय लेखा के आधार वर्ष में संशोधन की प्रक्रिया में है। प्रोफेसर बी.एन. गोल्दार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी पर एक सलाहकार समिति (एसीएनएएस) का गठन किया गया था, ताकि आर्थिक विश्लेषण और नीति निर्माण के उद्देश्यों के लिए राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी के संकलन और प्रस्तुतीकरण में नए डेटा स्रोतों को शामिल करने और कार्यप्रणाली में सुधार करने पर मंत्रालय को सलाह दी जा सके।
एसीएनएएस के तहत, विशिष्ट विषयों पर एक साथ विचार-विमर्श करने के लिए निम्नलिखित 5 उप-समितियों का गठन किया गया था:
- नए डेटा स्रोतों, दरों और अनुपातों को शामिल करने के लिए उप-समिति
- कार्यप्रणाली सुधारों के लिए उप-समिति
- स्थिर मूल्य अनुमानों के लिए उप-समिति
- क्षेत्रीय लेखा पर उप-समिति
- एसएनए 2025 अपडेट के लिए उप-समिति
नई श्रृंखला के अनुमान 27 फरवरी, 2026 को जारी किए जाने निर्धारित हैं। राष्ट्रीय लेखा डेटा के उपयोगकर्ताओं को नई श्रृंखला में किए जा रहे परिवर्तनों से अवगत कराने के उद्देश्य से, मंत्रालय 'कार्यप्रणाली सुधारों पर उप-समिति' की रिपोर्ट जारी कर रहा है, जो जीडीपी सहित राष्ट्रीय लेखा के विभिन्न अनुमानों के संकलन में कार्यप्रणाली संबंधी परिवर्तनों पर केंद्रित है। यह रिपोर्ट उप-समिति द्वारा विचार किए गए प्रमुख मुद्दों और बैठकों के दौरान हुई गहन चर्चा से निकले निष्कर्षों व सिफारिशों को समाहित करती है।
नई श्रृंखला में शामिल किए गए कुछ प्रमुख परिवर्तन इस प्रकार हैं:
गैर-वित्तीय निजी कॉर्पोरेट क्षेत्र:
(ए) बहु-गतिविधि उद्यमों के मामले में गतिविधियों का पृथक्करण: 2011-12 की श्रृंखला में, बहु-गतिविधि उद्यमों के मामले में, संपूर्ण जीवीए को मुख्य हिस्सेदारी के मानदंड के अनुसार संबंधित उद्योग को आवंटित किया गया था। नई श्रृंखला में, आर्थिक गतिविधियों और परिणामस्वरूप उद्यम की प्रत्येक व्यावसायिक गतिविधि द्वारा जोड़े गए मूल्य को अलग करने के लिए एमजीटी डेटा में उपलब्ध कंपनी के गतिविधि-वार राजस्व हिस्से का उपयोग किया जा रहा है।
(बी) विकेंद्रीकृत स्तर पर मल्टीप्लायरों का उपयोग: 2011-12 की श्रृंखला में समग्र स्तर पर रिपोर्ट न करने वाली कंपनियों के अनुमान प्राप्त करने के लिए चुकता पूंजी (पीयूसी) पर आधारित मल्टीप्लायर का उपयोग किया गया था। नई श्रृंखला में, विभिन्न उद्योगों और आकार श्रेणियों में पूंजी गहनता (जीवीए से पीयूसी अनुपात द्वारा मापी गई) के अंतर को ध्यान में रखने के लिए विकेंद्रीकृत स्तर पर मल्टीप्लायरों का उपयोग किया जा रहा है।
सामान्य सरकारी क्षेत्र:
(ए) सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली आवास सेवाओं का अधिरोपण: नई श्रृंखला में, सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों को प्रदान की जाने वाली आवास सेवा के मूल्य को जोड़ने के लिए अधिरोपण किया गया है। यह सुनिश्चित करता है कि सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के मूल्य को 'सामान्य सरकार' के आउटपुट के अनुमानों में उचित रूप से शामिल किया जाए।
(बी) सामान्य सरकार के मामले में स्वायत्त संस्थानों और स्थानीय निकायों के कवरेज को भी बढ़ाया गया है।
पारिवारिक क्षेत्र: नई श्रृंखला में, 2011-12 की श्रृंखला में अपनाए गए संकेतक-आधारित 'एक्स्ट्रापोलेशन' दृष्टिकोण के बजाय, वार्षिक आधार पर 'असंगठित क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण' और 'आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण' के उपयोग के माध्यम से पारिवारिक क्षेत्र के अनुमान में सुधार किया गया है। यह सुनिश्चित करता है कि अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी रखने वाले पारिवारिक क्षेत्र का हर साल सीधे अनुमान लगाया जाए।
अद्यतन दरें और अनुपात: नई श्रृंखला में विभिन्न अध्ययनों के आधार पर अद्यतन दरों और अनुपातों का उपयोग किया जा रहा है। उदाहरण के लिए: कृषि के मामले में (भारतीय चरागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान द्वारा घास और चारे से संबंधित अध्ययन, केंद्रीय समुद्री मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान और केंद्रीय अंतर्देशीय मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान द्वारा मत्स्य पालन से संबंधित अध्ययन) और निजी अंतिम उपभोग व्यय के मामले में (राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान द्वारा दूध और डेयरी उत्पादों से संबंधित अध्ययन, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय द्वारा परिवहन सेवाओं पर अध्ययन)।
नए डेटा स्रोतों का उपयोग: नई श्रृंखला में उपयोग किए गए कुछ नए डेटा स्रोत तिमाही राष्ट्रीय लेखा, क्षेत्रीय आवंटन और वार्षिक अनुमानों की पुष्टि के लिए जीएसटी डेटा का उपयोग, सरकारी क्षेत्र के मामले में समय पर और अद्यतन अनुमानों के लिए सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली डेटा का उपयोग एवं भूमि परिवहन सेवाओं के उत्पादन और उपभोग में ई-वाहन डेटा का उपयोग हैं।
निजी अंतिम उपभोग व्यय (पीएफसीई): नई श्रृंखला में, एक मिश्रित दृष्टिकोण के माध्यम से पीएफसीई का अनुमान अधिक सूक्ष्म और सटीक है: (ए) घरेलू उपभोक्ता व्यय सर्वेक्षण का व्यापक उपयोग (बी) उत्पादन और अन्य डेटा स्रोतों के आधार पर प्रत्यक्ष अनुमान (सी) कमोडिटी फ्लो दृष्टिकोण। इसके अलावा पीएफसीई के संकलन में नवीनतम प्रासंगिक मानक यानी सीओआईसीओपी 2018 को भी अपनाया गया है।
तिमाही राष्ट्रीय लेखा (क्यूएनए): 2011-12 की श्रृंखला में, तिमाही राष्ट्रीय लेखा के मामले में बेंचमार्किंग के लिए 'प्रो-रैटा' पद्धति का उपयोग किया गया था। हालाँकि, नई श्रृंखला में क्यूएनए श्रृंखला में कृत्रिम विसंगतियों को दूर करने के साथ-साथ संकेतकों की गतिशीलता को बनाए रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुशंसित 'डेंटन-प्रोपोर्शनल बेंचमार्किंग' पद्धति का उपयोग किया जा रहा है। यह क्यूएनए अनुमानों को वार्षिक राष्ट्रीय लेखा अनुमानों के अनुरूप भी बनाता है।
अन्य उप-समितियों की रिपोर्ट भी जल्द ही जारी की जाएगी।
यह रिपोर्ट एमओएसपीआई) की वेबसाइट www.mospi.gov.in पर उपलब्ध है।
**********
पीके/केसी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2230042)
आगंतुक पटल : 50