रक्षा मंत्रालय
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ने अंतर्राष्ट्रीय सिटी परेड (आईसीपी) 2026 की समीक्षा की
प्रविष्टि तिथि:
19 FEB 2026 8:45PM by PIB Delhi
अंतर्राष्ट्रीय फ्लीट समीक्षा (आईएफआर) 2026 के हिस्से के रूप में विशाखापत्तनम में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सिटी परेड (आईसीपी) में जनता की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई। यह एक प्रमुख जनसंपर्क पहल के रूप में कार्य करती है जो परिचालन क्षमता, औपचारिक प्रदर्शन और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के बेहतर एकीकरण के माध्यम से भारत के समुद्री लोकाचार को दर्शाती है।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल श्री एस अब्दुल नज़ीर मुख्य इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्थित थे और कार्यक्रम का संचालन नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने किया। इस कार्यक्रम में राज्य के मंत्री, केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, भारतीय नौसेना के पूर्व प्रमुख , नौसेना प्रमुख और भाग लेने वाले मित्र देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख, भारतीय नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक भी शामिल हुए।
भारतीय नौसेना, भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना और भारतीय तटरक्षक बल के अधिकारियों और कर्मियों से युक्त परेड में शामिल टुकड़ियों के साथ-साथ भाग लेने वाली विदेशी नौसेनाओं, सी कैडेट कोर, राष्ट्रीय कैडेट कोर और राज्य पुलिस की टुकड़ियों ने परेड का मुख्य आकर्षण प्रस्तुत किया। पूर्ण वर्दी युक्त इन परेड और सांस्कृतिक टुकड़ियों ने विश्व भर की नौसेनाओं की साझा समुद्री परंपराओं, अनुशासन और पेशेवर सौहार्द को प्रतिबिंबित किया, जो एकता और सहयोग का प्रतीक था।
अंतर्राष्ट्रीय सिटी परेड की भव्यता में वृद्धि करते हुए नौसेना और वायु सेना ने प्रदर्शन किया, जो भारतीय नौसेना की एकीकृत और बहु-क्षेत्रीय क्षमताओं को दर्शाता है। नौसेना की विमान इकाइयों की भागीदारी ने समुद्री और हवाई अभियानों के बीच निर्बाध तालमेल को दर्शाया जिससे दर्शकों को नौसेना की पहुंच, बहुमुखी प्रतिभा और समुद्री हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की झलक मिली।
परिचालन और औपचारिक प्रदर्शनों के बाद, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने सभा को संबोधित किया और अंतर्राष्ट्रीय सिटी परेड के महत्व को भारतीय नौसेना, भाग लेने वाली विदेशी नौसेनाओं और नागरिकों के बीच एक अद्वितीय संपर्क के रूप में रेखांकित किया। समुद्री सहयोग के स्थायी महत्व पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सिटी परेड समुद्र में अंतर्राष्ट्रीय सौहार्द की भावना को दर्शाती है और सहयोग, विश्वास और सामूहिक समुद्री सुरक्षा के प्रति नौसेनाओं की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पेशेवर संबंधों को मजबूत करके और इसमें शामिल होने वाले देशों के बीच आपसी समझ को बढ़ाकर परिचालन संबंधी संवाद को पूरक बनाते हैं।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ने अपने संबोधन में विशाखापत्तनम के एक प्रमुख समुद्री केंद्र के रूप में महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा, 'अंतर्राष्ट्रीय सिटी परेड न केवल भारत की समुद्री शक्ति और व्यावसायिकता को प्रदर्शित करती है, बल्कि समुद्री और रक्षा क्षेत्र में आंध्र प्रदेश की बढ़ती प्रमुखता को भी दर्शाती है।' उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सद्भावना को बढ़ावा देने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत के समुद्री दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने में ऐसे वैश्विक आयोजनों के सकारात्मक प्रभाव का भी उल्लेख किया।
अंतर्राष्ट्रीय सिटी परेड का समापन बंदरगाह पर खड़े जहाजों की रोशनी से हुआ, जिसके बाद लेजर और ड्रोन शो और आतिशबाजी से एक शानदार दृश्य का निर्माण हुआ। इस आयोजन के दौरान तटवर्ती क्षेत्र और परेड मार्गों पर भारी भीड़ देखी गई। अंतर्राष्ट्रीय सिटी परेड का सफल आयोजन सुनियोजित योजना, प्रभावी अंतर-एजेंसी समन्वय और मजबूत जन सहयोग का प्रमाण था। नागरिक प्रशासन ने भारतीय नौसेना के साथ बेहतर समन्वय में व्यापक प्रशासनिक, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू की जिससे कार्यक्रम का सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हुआ।
J0UE.jpeg)
GA98.jpeg)
V5UN.jpeg)
****
पीके/केसी/जेके/जीआरएस
(रिलीज़ आईडी: 2230634)
आगंतुक पटल : 47