रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत ने हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी की अध्यक्षता ग्रहण की

प्रविष्टि तिथि: 20 FEB 2026 8:30PM by PIB Delhi

हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी (आईओएनएस) के प्रमुखों का 9वां सम्मेलन 20 फरवरी 2026 को विशाखापत्तनम में आयोजित हुआ। इस सम्मेलन में आईओएनएस के सदस्य देशों, पर्यवेक्षकों और हिंद महासागर के अन्य तटवर्ती देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 33 देशों के नौसेना प्रमुखों और समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों ने भाग लिया। अटलांटिक से लेकर प्रशांत महासागर तक फैली इस भागीदारी ने हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध समान विचारधारा वाली नौसेनाओं के बीच बढ़ते समन्वय को प्रदर्शित किया।

इस मंच के एक ऐतिहासिक क्षण में, भारतीय नौसेना ने रॉयल थाई नौसेना से आईओएनएस की अध्यक्षता ग्रहण कीयह 16 वर्षों के बाद इस भूमिका में भारत की वापसी का प्रतीक है। इससे पहले 2008 से 2010 तक पहली अध्यक्षता संभालने के बाद, भारत अब इस मंच को आगे बढ़ा रहा है जो पेशेवर समुद्री सहयोग के एक केन्द्रीय मंच के रूप में विकसित हो चुका है। नौसेना प्रमुख और आईओएनएस के अध्यक्ष एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने सहयोग के प्रमुख वाहकों के रूप में समुद्री सुरक्षा, मानवीय सहायता एवं आपदा राहत, और सूचना साझाकरण एवं अंतरसंचालनीयता पर कार्य समूहों को मजबूत करके आईओएनएस की कार्यात्मक प्रासंगिकता को सुदृढ़ करने का एक स्पष्ट एवं प्रगतिशील दृष्टिकोण व्यक्त किया।

सम्मेलन के दौरान हुए प्रमुख घटनाक्रमों में भारतीय नौसेना द्वारा उन्नत आईओएनएस वेबसाइट का शुभारंभ शामिल था, जिसका उद्देश्य उपयोगिता बढ़ाना, संस्थागत निरंतरता सुनिश्चित करना और सदस्य नौसेनाओं के बीच सहभागिता को मजबूत करना था। फिलीपींस को पर्यवेक्षक के रूप में शामिल किया गया और ओमान ने एचएडीआर से संबंधित आईओएनएस कार्य समूह में शामिल होकर आईओएनएस के अंतर्गत सहयोगात्मक सहभागिता के दायरे को और आगे बढ़ाया तथा इस मंच की सहयोगात्मक पहुंच का विस्तार किया।

भारत ने अपने कार्यकाल के दौरान आगे बढ़ाई जाने वाली विभिन्न पहलों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की, जिनमें आईओएनएस समुद्री अभ्यास (आईमैक्स) का संचालन, आईओएनएस नौसेनाओं व समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के कर्मियों की भागीदारी सहित आईओएस सागर की तैनाती को आईओएनएस सदस्य देशों में जारी रखना और परिचालन संबंधी बातचीत, पेशेवर आदान-प्रदान एवं क्षमता वृद्धि के उद्देश्य से व्यवस्थित समुद्री सूचना साझाकरण कार्यशालाओं तथा संवादों का आयोजन करना शामिल है।

यह नौवां सम्मेलन आईओएनएस के विकास में एक नए चरण का प्रतीक है। भारत द्वारा अध्यक्षता ग्रहण करने से हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री स्थिरता के प्रति मजबूत गति, व्यापक सहभागिता और गहरी सामूहिक प्रतिबद्धता का संकेत मिलता है।  

 

****

पीके/केसी/आर                                   


(रिलीज़ आईडी: 2231087) आगंतुक पटल : 57
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English