संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीएसएनएल के फील्ड अधिकारियों के साथ संवादात्मक सत्र की अध्यक्षता की; सेवा में उत्कृष्टता और जमीनी स्तर पर सशक्तिकरण पर जोर दिया

प्रविष्टि तिथि: 20 FEB 2026 9:23PM by PIB Delhi

केन्द्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने आज देश भर के भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के सर्किलों का प्रतिनिधित्व करने वाले कनिष्ठ दूरसंचार अधिकारियों (जेटीओ) और उप-विभागीय इंजीनियरों (एसडीई) के साथ एक उच्चस्तरीय संवादात्मक सत्र की अध्यक्षता की। यह बैठक दूरसंचार विभाग के संचार भवन में आयोजित की गई।

इस संवाद का मुख्य उद्देश्य बीएसएनएल की सेवा वितरण व्यवस्था को मजबूत करना, जमीनी स्तर पर संचालन संबंधी चुनौतियों का समाधान करना और संगठन के निगरानी एवं कार्यान्वयन ढांचे में अग्रिम पंक्ति के अधिकारियों के नवीन सुझावों का समावेश करना था।

सत्र के दौरान, केन्द्रीय मंत्री ने सेवा वितरण में सिक्स सिग्मा मानकों को हासिल करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने इस तथ्य को रेखांकित कि बीएसएनएल के बुनियादी ढांचे की विश्वसनीयता एवं मजबूती ग्राहकों की संतुष्टि सुनिश्चित करने तथा दूरसंचार क्षेत्र में संगठन की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिया कि इस संवाद से हासिल व्यावहारिक सुझावों की जांच की जाए और समयबद्ध कार्रवाई के लिए उन्हें बीएसएनएल की निगरानी प्रणालियों में समन्वित किया जाए।

केन्द्रीय मंत्री ने आगे कहा कि जमीनी स्तर के अधिकारियों के साथ इस तरह की संवादात्मक बैठकों को तिमाही आधार पर संस्थागत रूप दिया जाएगा ताकि जमीनी स्तर की इकाइयों और नीतिगत नेतृत्व के बीच निरंतर संवाद एवं घनिष्ठ समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।

मार्ग अधिकार (आरओडब्ल्यू) से संबंधित मामलों को शीघ्रता से निपटाने पर विशेष जोर दिया गया। यह निर्देश दिया गया कि मार्ग अधिकार नीतियों और प्रक्रियाओं के संबंध में जानकारी जमीनी स्तर के कर्मचारियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए ताकि स्थानीय निकायों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित हो सके और परियोजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सुगम हो सके।

पेशेवर प्रतिबद्धता के उच्च मानकों को बनाए रखने हेतु अधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए, सेवा, जवाबदेही और राष्ट्रीय प्रतिबद्धता की भावना को दर्शाने वाले तीन मार्गदर्शक सिद्धांतों पर जोर दिया गया।

केन्द्रीय मंत्री ने दोहराया कि बीएसएनएल का परिवर्तन जमीनी स्तर पर अपने अधिकारियों को सशक्त बनाने और परिचालन दक्षता को रणनीतिक उद्देश्यों के अनुरूप ढालने पर निर्भर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निरंतर जुड़ाव, जवाबदेही और ग्राहक-केन्द्रित दृष्टिकोण के जरिए बीएसएनएल भारत के दूरसंचार क्षेत्र में अपनी भूमिका को और मजबूत करेगा।

****

पीके/केसी/आर


(रिलीज़ आईडी: 2231100) आगंतुक पटल : 30
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English