आयुष
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय आरोग्य मेला 2026 महाराष्ट्र के शेगांव, बुलढाणा में 25 से 28 फरवरी 2026 तक चलेगा


राष्ट्रपति शेगांव में राष्ट्रीय आरोग्य मेला 2026 का उद्घाटन करेंगी

चार दिनों तक चलने वाले इस मेले का उद्देश्य औषधीय पौधों की खेती से किसानों की आय बढ़ाने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को सुगम बनाना है

प्रविष्टि तिथि: 24 FEB 2026 5:51PM by PIB Delhi

केंद्रीय आयुष मंत्रालय अखिल भारतीय आयुर्वेद कांग्रेस के सहयोग से महाराष्ट्र में बुलढाणा जिले के शेगांव में 25 से 28 फरवरी 2026 तक चार दिवसीय राष्ट्रीय आरोग्य मेला 2026 का आयोजन करेगा।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 25 फरवरी 2026 को विसावा मैदान, संत गजानन महाराज संस्थान, शेगांव में मेले का उद्घाटन करेंगी। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल, आयुष मंत्री श्री प्रतापराव जाधव, महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0014XPR.jpg 

इस मेला को आयुष आधारित निवारक एवं संवर्धक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए एक व्यापक जन जागरूकता अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है। आगंतुकों को आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध, सोवा-रिग्पा और होम्योपैथी प्रणालियों से संबंधित निःशुल्क परामर्श, स्वास्थ्य जांच और दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस मेले में योग प्रदर्शन, विशेषज्ञ व्याख्यान, चिकित्सा पद्धतियों का प्रदर्शन और प्रतिष्ठित आयुष संस्थानों एवं उद्योग जगत के हितधारकों की प्रदर्शनियां भी शामिल होंगी।

मेले का प्रमुख घटक बुलढाणा जिले और विदर्भ क्षेत्र के किसानों के साथ इसका विशेष जुड़ाव है। 27 फरवरी 2026 को दोपहर 3:00 बजे विसावा परिसर में "आयुर्वेदिक खेती: उत्पादन, मूल्यवर्धन और विपणन" विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में औषधीय पौधों की खेती, कृषि वानिकी पद्धतियों, फसल कटाई के बाद के प्रबंधन और बाजार संपर्कों पर तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य स्थायी आय के स्रोत के रूप में औषधीय फसलों की ओर विविधीकरण को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही आयुष क्षेत्र के लिए आवश्यक गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करना है।

केंद्रीय आयुष मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने किसानों, स्वयं सहायता समूहों और युवाओं से कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने और पारंपरिक खेती के साथ-साथ औषधीय पौधों पर आधारित कृषि में अवसरों का पता लगाने की अपील की है।

राष्ट्रीय आरोग्य मेला 2026 स्वास्थ्य सेवाओं, ज्ञान प्रसार और ग्रामीण आजीविका संवर्धन के लिए एक केंद्रीय मंच के रूप में कार्य करेगा। इससे सार्वजनिक स्वास्थ्य और आर्थिक विकास में आयुष प्रणालियों की भूमिका मजबूत होगी।

महाराष्ट्र और पड़ोसी राज्यों के नागरिकों, किसानों, छात्रों और स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों को चार दिवसीय मेले के दौरान आयोजित होने वाली सेवाओं और कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाग लेने और उनसे लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया गया है।

***

पीके/केसी/एके/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 2232300) आगंतुक पटल : 149
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Tamil