रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय : उर्वरक विभाग
रसायन और उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा बने हिंदी सलाहकार समिति के अध्यक्ष
रसायन और उर्वरक मंत्रालय में हिंदी सलाहकार समिति का गठन
प्रविष्टि तिथि:
26 FEB 2026 12:31PM by PIB Delhi
भारत सरकार के रसायन और उर्वरक मंत्रालय में हिंदी सलाहकार समिति का फिर से गठन हो गया है। केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा की अगुवाई वाली इस समिति की उपाध्यक्ष राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल को बनाया गया है। पुनर्गठन के संबंध में भारत के राजपत्र (गज़ट) में संकल्प भी प्रकाशित कर दिया गया है।
समिति के सदस्य
मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति में संसदीय कार्य मंत्रालय के तरफ से दो लोकसभा और दो राज्यसभा सांसद नामित किए गए हैं। नामित सदस्यों में पश्चिम बंगाल के अलीपुर द्वार के लोकसभा सांसद श्री मनोज तिग्गा, उत्तर प्रदेश के देवरिया के लोकसभा सांसद श्री शशांक मणि, नागालैंड से राज्यसभा सांसद श्रीमती एस फान्गनान कोन्याक, बिहार से राज्यसभा सांसद श्री संजय झा शामिल हैं। वहीं उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल से लोकसभा सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह और सोनीपत के लोकसभा सांसद श्री सतपाल ब्रह्मचारी को संसदीय राजभाषा समिति ने नामित किया है।
4 सदस्य रसायन और उर्वरक मंत्रालय, 1 सदस्य विश्व हिंदी परिषद, 1 सदस्य हिंदी प्रचार सभा हैदराबाद और 3 सदस्य गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की तरफ से नामित किए गए हैं। रसायन और उर्वरक मंत्रालय के अधीन आने वाले सभी विभागों उर्वरक, रसायन एवं पेट्रोरसायन और औषध के सचिव सहित कुल 37 सरकारी सदस्य भी सलाहकार समिति का हिस्सा होंगे।
हिंदी सलाहकार समिति के कार्य
समिति का कार्य संविधान में राजभाषा संबंधी प्रावधानों, केंद्रीय हिंदी समिति के नीतिगत निर्णयों, राजभाषा अधिनियम व नियम तथा राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय की तरफ से इस विषय में जारी किए गए अनुदेशों और निर्देशों के अनुसार रसायन और उर्वरक मंत्रालय और इसके अधीन आने वाले सभी कार्यालयों में होने वाले सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग की समीक्षा करना और सलाह देना है।
समिति का कार्यकाल
हिंदी सलाहकार समिति का कार्यकाल गठन की तारीख से तीन साल का होता है। विशेष परिस्थितियों में ही इस कार्यकाल को बढ़ाया या घटाया जा सकता है। सांसद तभी तक समिति के सदस्य रहते हैं जब तक उनका कार्यकाल बना रहता है। वहीं पदेन सदस्य संबंधित पद पर कार्य करने तक ही सदस्य बने रह सकते हैं। किसी सदस्य के त्यागपत्र या मृत्यु से खाली हुई जगह पर आने वाला नया नामित सदस्य समिति के शेष कार्यकाल तक के लिए ही सदस्य रहता है।
रसायन और उर्वरक मंत्रालय की इस हिंदी सलाहकार समिति की बैठकें नई दिल्ली स्थित मुख्यालय के अतिरिक्त अन्य जगहों पर भी आयोजित की जा सकती हैं.
***
नीरज कुमार भट्ट/शत्रुघ्न प्रसाद
cmc.fertilizers[at]gmail[dot]com
(रिलीज़ आईडी: 2232987)
आगंतुक पटल : 306