गृह मंत्रालय
भारत-ब्रिटेन गृह मामलों की छठी वार्ता नई दिल्ली में आयोजित
दोनों देशों ने आतंकवाद और संगठित अपराधों के खिलाफ सक्रिय सहयोग के लिए आपसी हितों तथा तालमेल के अन्य क्षेत्रों की पहचान के साथ-साथ आपसी सहयोग का आकलन किया
प्रविष्टि तिथि:
27 FEB 2026 4:46PM by PIB Delhi
भारत-ब्रिटेन गृह मामलों पर छठी वार्ता (एचएडी) आज नई दिल्ली में आयोजित की गई। सीमा प्रबंधन सचिव डॉ. राजेंद्र कुमार ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का और ब्रिटेन प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह कार्यालय के द्वितीय स्थायी सचिव श्री साइमन रिडले ने किया। बैठक में दोनों देशों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान दोनों देशों ने मौजूदा सहयोग का आकलन किया। इसके साथ ही खालिस्तान समर्थक चरमपंथियों और ब्रिटेन में भारत विरोधी समूहों की गतिविधियां, मादक पदार्थों की तस्करी, प्रवासन, आपराधिक न्याय और कानून प्रवर्तन सहयोग, साइबर सुरक्षा सहित आतंकवाद और संगठित अपराधों आदि के खिलाफ सक्रिय सहयोग हेतु पारस्परिक हितों और तालमेल के अन्य क्षेत्रों की पहचान की। ब्रिटेन में भारतीय गणमान्य व्यक्तियों और राजनयिक मिशनों की सुरक्षा में उल्लंघन को लेकर भारत की चिंताओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

बैठक का समापन दोनों देशों की मौजूदा सहयोग स्तर पर पारस्परिक संतुष्टि और दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को बढ़ाने की गति को बनाए रखते हुए द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर सहमति के साथ हुआ।



***
पीके/केसी/वीके/केके
(रिलीज़ आईडी: 2233602)
आगंतुक पटल : 220