संस्कृति मंत्रालय
'एक भारत श्रेष्ठ भारत' अभियान का प्रभाव आकलन
प्रविष्टि तिथि:
09 MAR 2026 3:14PM by PIB Delhi
देश भर में लोक कला और संस्कृति के विभिन्न रूपों की रक्षा, संवर्धन और संरक्षण के लिए केंद्र सरकार ने सात क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र स्थापित किए हैं, जिनके मुख्यालय पटियाला, नागपुर, उदयपुर, प्रयागराज, कोलकाता, दीमापुर और तंजावुर में स्थित हैं। ये क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र अपने-अपने राज्यों में नियमित रूप से विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं। वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान इन जेडसीसी द्वारा 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' अभियान के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक गतिविधियों और कार्यक्रमों का विवरण अनुलग्नक में दिया गया है।
ईबीएसबी के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा जेडसीसी द्वारा प्रस्तुत नियमित रिपोर्टों के माध्यम से की जाती है। ये केंद्र (जेडसीसी) अपनी गतिविधियों का विवरण डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपलोड करते हैं। राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देने में इन पहलों के प्रभाव का आकलन करने के लिए आयोजित कार्यक्रमों की संख्या, भागीदारी का स्तर, उपस्थित लोगों की संख्या और प्राप्त प्रतिक्रिया जैसी जानकारी का विश्लेषण किया जाता है।
सभी जेडसीसी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और स्थानीय सांस्कृतिक संस्थानों के सहयोग से विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम, कार्यशालाएं, प्रतियोगिताएं और संवादात्मक सत्र आयोजित कर इस अभियान की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करते हैं, ताकि विद्यार्थी, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता इसमें सक्रिय रूप से भाग ले सकें। ये केंद्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और डिजिटल प्रचार माध्यमों का भी उपयोग करते हैं, जिससे कार्यक्रमों की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रसारित हो और अधिक से अधिक दर्शक आकर्षित हों। इसके अतिरिक्त, जमीनी स्तर पर आउटरीच कार्यक्रम, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा जागरूकता अभियान भी आयोजित किए जाते हैं, जिससे युवाओं की भागीदारी बढ़े और इस अभियान के उद्देश्यों को सुदृढ़ किया जा सके।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यह जानकारी आज लोकसभा में एक लिखित उत्तर में दी।
अनुलग्नक
***
पीके/केसी/आईएम/एचबी
(रिलीज़ आईडी: 2237011)
आगंतुक पटल : 109