स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्‍द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान के 49वें वार्षिक दिवस समारोह की अध्यक्षता की


कुशल स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सहयोग देने में एनआईएचएफडब्‍ल्‍यू की भूमिका पर प्रकाश डाला गया

भारत डिजिटल स्वास्थ्य अवसंरचना का विस्तार कर रहा है, स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्‍द्रों को सशक्त बना रहा है, टीकाकरण कार्यक्रम का विस्तार कर रहा है और रोग निगरानी प्रणाली को मजबूत कर रहा है: श्री जाधव

कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों ने संस्थान के वार्षिक प्रकाशन “धारणा”, एचपीपीआई जर्नल तथा “प्रॉस्पेक्ट्स ऑफ प्लेसमेंट सेल” का विमोचन किया

प्रविष्टि तिथि: 09 MAR 2026 6:00PM by PIB Delhi

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्तशासी संस्थान राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान (एनआईएचएफडब्‍ल्‍यू) ने आज नई दिल्ली के मुनिरका स्थित एनआईएचएफडब्‍ल्‍यू सभागार में अपना 49वां वार्षिक दिवस मनाया। केन्‍द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री तथा आयुष मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) के राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक (डीजीएचएस) डॉ. सुनीता शर्मा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियों को सुदृढ़ करने, क्षमता निर्माण तथा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के क्षेत्र में अनुसंधान में संस्थान के योगदान को प्रमुखता से उजागर किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए श्री प्रतापराव जाधव ने सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत बनाने के महत्व पर जोर दिया और कुशल स्वास्थ्य पेशेवरों के निर्माण तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को समर्थन देने में NIHFW की भूमिका को रेखांकित किया। श्री जाधव ने कहा कि, हम आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत डिजिटल स्वास्थ्य अवसंरचना का विस्तार कर रहे हैं। स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही हम टीकाकरण प्रयासों का विस्तार कर रहे हैं, नए टीकों की शुरुआत कर रहे हैं और रोग निगरानी प्रणालियों को अधिक प्रभावी बना रहे हैं।

डॉ. सुनीता शर्मा ने भी सार्वजनिक स्वास्थ्य अनुसंधान, प्रशिक्षण और भारत सरकार को नीतिगत सहयोग प्रदान करने में संस्थान के निरंतर योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस संस्थान ने भारत के स्वास्थ्य कार्यबल की क्षमता को मजबूत करने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

अपने संबोधन और वार्षिक प्रतिवेदन की प्रस्तुति में NIHFW के निदेशक डॉ. सुनील विलासराव गित्ते ने पिछले एक वर्ष के दौरान संस्थान की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इनमें सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रशिक्षण में प्रगति, अनुसंधान पहलें तथा देश की स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने के उद्देश्य से किए गए विभिन्न सहयोगात्मक प्रयास शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के वार्षिक प्रकाशन धारणा, HPPI जर्नल और प्रॉस्पेक्ट्स ऑफ प्लेसमेंट सेल का गणमान्य अतिथियों द्वारा औपचारिक रूप से विमोचन किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कर्मचारियों, विद्यार्थियों और खेल उपलब्धि हासिल करने वालों को उनके समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी संस्थान के जीवंत शैक्षणिक वातावरण को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और उसके बाद राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।

वार्षिक दिवस समारोह ने सार्वजनिक स्वास्थ्य शिक्षा, अनुसंधान और नीतिगत सहयोग को आगे बढ़ाने के प्रति NIHFW की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया, जिसका उद्देश्य देश भर में स्वास्थ्य सेवाओं की आपूर्ति और जनस्वास्थ्य में सुधार करना है। संस्थान के डीन प्रो. वी. के. तिवारी ने सभी विशिष्ट अतिथियों और उपस्थित जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

***

पीके/केसी/केपी/एसएस  


(रिलीज़ आईडी: 2237174) आगंतुक पटल : 57
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi