प्रधानमंत्री कार्यालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 11 मार्च को केरल और तमिलनाडु की यात्रा पर जाएंगे


प्रधानमंत्री एर्नाकुलम में लगभग 10,800 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे

प्रधानमंत्री भारत पेट्रोलियम निगम लिमिटेड की कोच्चि रिफाइनरी में पॉलीप्रोपाइलीन इकाई की आधारशिला रखेंगे

प्रधानमंत्री दो प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं : एनएच-66 के थलापडी-चेंगला खंड का छह लेन का निर्माण और वेंगलम से रामनट्टुकरा तक कोझिकोड बाईपास का छह लेन का निर्माण कार्य का लोकार्पण करेंगे

प्रधानमंत्री तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे

इन परियोजनाओं में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस अवसंरचना, ग्रामीण संपर्क, राजमार्ग विकास और रेलवे सेवाओं सहित प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं

प्रधानमंत्री नीलगिरी और इरोड जिलों में बीपीसीएल के सिटी गैस वितरण नेटवर्क की आधारशिला रखेंगे और चेन्नई में आईओसीएल के ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट को राष्ट्र को समर्पित करेंगे

प्रविष्टि तिथि: 09 MAR 2026 8:58PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 11 मार्च 2026 को केरल और तमिलनाडु की यात्रा पर जाएंगे। प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 1:30 बजे केरल के एर्नाकुलम में लगभग 10,800 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलानयास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे। इसके बाद, शाम लगभग 5:45 बजे, प्रधानमंत्री तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलानयास करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे।

एर्नाकुलम में प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री भारत पेट्रोलियम निगम लिमिटेड (बीपीसीएल) की कोच्चि रिफाइनरी में पॉलीप्रोपाइलीन इकाई की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना में 5,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। इस पॉलीप्रोपाइलीन इकाई की क्षमता 400 किलो टन प्रति वर्ष है। पॉलीप्रोपाइलीन पैकेजिंग, ऑटोमोटिव घटकों, चिकित्सा उपकरणों, वस्त्रों और घरेलू उत्पादों में उपयोग होने वाली एक आवश्यक सामग्री है। यह सुविधा भारत की घरेलू पॉलिमर विनिर्माण क्षमता को मजबूत करेगी, आयात पर निर्भरता कम करेगी, औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगी और क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा करेगी।

प्रधानमंत्री सड़क अवसंरचना क्षेत्र में दो प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। पहली परियोजना एनएच-66 के थलापाडी-चेंगला खंड का छह लेन का निर्माण है, जिसे 2,650 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। यह खंड मुंबई-कन्याकुमारी आर्थिक गलियारे का हिस्सा है और कासरगोड तथा कन्नूर जिलों तथा मंगलौर और मुझापिलंगड सहित पड़ोसी क्षेत्रों के बीच संपर्क को मजबूत करेगा। यह परियोजना कासरगोड, बेकल, पय्यानूर और कन्नूर जैसे प्रमुख शहरों से संपर्क में सुधार करेगी, अझिक्कल बंदरगाह से संपर्क बढ़ाएगी और पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देगी।

दूसरी परियोजना वेंगलम से रामनट्टुकरा तक कोझिकोड बाईपास का छह लेन का निर्माण है, जिसे लगभग 2,140 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत मौजूदा दो लेन की सड़क को दोनों ओर सर्विस रोड के साथ छह लेन के राजमार्ग में अपग्रेड किया गया है। इससे यातायात जाम में काफी कमी आएगी, यातायात क्षमता में सुधार होगा और सड़क सुरक्षा बढ़ेगी। इस मार्ग पर यात्रा का समय एक घंटे से घटकर लगभग 15-20 मिनट होने की संभावना है। यह परियोजना कोझिकोड बीच, बेपोर पोर्ट और कप्पड बीच जैसे महत्वपूर्ण स्थलों से कनेक्टिविटी में भी सुधार करेगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री केरल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत निर्मित 23 ग्रामीण सड़कों का भी उद्घाटन करेंगे। ये सड़कें ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी और बाजारों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और रोजगार के अवसरों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने में सहायता करेंगी, जिससे ग्रामीण आजीविका मजबूत होगी।

प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत तीन पुनर्निर्मित रेलवे स्टेशनों - शोरानूर जंक्शन, कुट्टीपुरम और चांगनास्सेरी का उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया गया है और इनमें यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं और सुगम आवागमन की व्यवस्था की गई है। पुनर्निर्माण में स्थानीय स्थापत्य कला को शामिल करते हुए यात्रियों के लिए आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा स्थल बनाए गए हैं।

प्रधानमंत्री शोरानूर-नीलाम्बुर रोड रेलवे लाइन की विद्युतीकरण परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस महत्वपूर्ण रेल खंड के विद्युतीकरण से शोरानूर में लोकोमोटिव बदलने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी, जिससे रेल संचालन तेज, अधिक कुशल और टिकाऊ हो सकेगा। प्रधानमंत्री पलाक्काड़ और पोलाची के बीच एक नई रेल सेवा को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जिससे केरल और तमिलनाडु के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। इस सेवा से दोनों राज्यों के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को लाभ होगा।

प्रधानमंत्री केरल के कोल्लम जिले के पश्चिम कल्लाडा में 50 मेगावाट की फ्लोटिंग सौर ऊर्जा परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। यह परियोजना भारत के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों में योगदान देगी और टिकाऊ एवं कम कार्बन उत्सर्जन वाली ऊर्जा वाले भविष्य के प्रति देश की प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी।

तिरुचिरापल्ली में प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस अवसंरचना, ल्युब्रिकेंट निर्माण, ग्रामीण संपर्क, राजमार्ग विकास और रेलवे सेवाओं सहित प्रमुख क्षेत्रों को शामिल करती हैं।

प्रधानमंत्री पेट्रोलियम क्षेत्र में नीलगिरी और इरोड जिलों में भारत पेट्रोलियम निगम लिमिटेड के 3,680 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से निर्मित सिटी गैस वितरण नेटवर्क की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना से 8.8 लाख से अधिक घरों को पीएनजी कनेक्शन मिलेंगे, 200 से अधिक वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को गैस की आपूर्ति होगी और 201 से अधिक सीएनजी स्टेशन स्थापित होंगे।

प्रधानमंत्री चेन्नई के मनाली में स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के 672 हजार मीट्रिक टन प्रति वर्ष क्षमता वाले ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। लगभग 1,490 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित यह संयंत्र भारत की ल्यूब्रिकेंट उत्पादन क्षमता को मजबूत करेगा।

श्री मोदी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत तमिलनाडु में 370 किलोमीटर लंबी 89 ग्रामीण सड़कों का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बाजारों, स्कूलों और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होगा। प्रधानमंत्री एनएच-81 पर गंगईकोंडा चोलपुरम के पास ग्रीनफील्ड बाईपास की आधारशिला भी रखेंगे।

प्रधानमंत्री दो अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों, दो एक्सप्रेस रेलगाड़ियों और एक यात्री रेल सेवा को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जिससे तमिलनाडु और तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और पूर्वी भारत सहित अन्य क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। इन रेलगाड़ियों के शुरू होने से यात्रियों को लाभ होगा और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

****

पीके/केसी/एमकेएस/डीके


(रिलीज़ आईडी: 2237274) आगंतुक पटल : 56
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Malayalam , English , Marathi , Gujarati , Kannada