विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
टीडीबी-डीएसटी ने एआई-संचालित स्मार्ट योगा मैट के व्यावसायीकरण के लिए मेसर्स वेलनेसिस टेक्नोलॉजीज प्रा. लिमिटेड को सहायता प्रदान की
प्रविष्टि तिथि:
10 MAR 2026 2:47PM by PIB Delhi
भारत के डीप-टेक स्टार्टअप इकोसिस्टम को पोषित करने और स्वदेशी नवाचारों को प्रयोगशाला से बाजार तक पहुंचाने में सक्षम बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए, भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (टीडीबी) ने बेंगलुरु स्थित स्टार्टअप वेलनेसिस टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड को उसके अभिनव उत्पाद, योगीफाई स्मार्ट योगा मैट के व्यावसायीकरण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की है।
“स्वायत्त और आत्मनिर्भर प्रणालियों के साथ योगीफाई स्मार्ट सेंसर फैब्रिक मैट का व्यावसायीकरण” नामक परियोजना का उद्देश्य भारत में विकसित एआई-संचालित स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी की स्वदेशी विनिर्माण क्षमताओं को सुदृढ़ करना और व्यापक स्तर पर उत्पादन को सक्षम बनाना है। यह पहल भारत सरकार के आत्मनिर्भर भारत के व्यापक ढांचे के अंतर्गत निवारक स्वास्थ्य देखभाल, डिजिटल स्वास्थ्य प्रौद्योगिकियों और आत्मनिर्भर विनिर्माण को बढ़ावा देने के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
योगीफाई स्मार्ट योगा मैट उन्नत सेंसर तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का संयोजन करके वास्तविक समय में आसन संबंधी प्रतिक्रिया, निर्देशित योग सत्र और मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से विस्तृत प्रदर्शन विश्लेषण प्रदान करता है। डिजिटल तकनीक को योग के प्राचीन विज्ञान के साथ मिलाकर, यह उत्पाद भारत के स्टार्टअप जगत से उभर रहे एआई-सक्षम निवारक स्वास्थ्य समाधानों की एक नई श्रेणी का प्रतिनिधित्व करता है।
भारत में निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति बढ़ती जागरूकता और योग की वैश्विक लोकप्रियता के कारण डिजिटल स्वास्थ्य और कल्याण प्रौद्योगिकियों में तीव्र वृद्धि देखी गई है। योगीफाई जैसे नवोन्मेषण यह दर्शाते हैं कि भारतीय स्टार्टअप्स किस प्रकार पारंपरिक कार्यप्रणालियों को वैश्विक स्तर पर उपयोग योग्य उत्पादों में बदलने के लिए उन्नत तकनीकी क्षमताओं का लाभ उठा रहे हैं।
टीडीबी के सचिव श्री राजेश कुमार पाठक ने समझौते पर हस्ताक्षर के अवसर पर कहा कि “टीडीबी वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक प्रौद्योगिकियों का विकास कर रहे भारतीय स्टार्टअप्स को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि योगीफाई जैसे नवाचार यह दर्शाते हैं कि आधुनिक प्रौद्योगिकियों के माध्यम से भारत की प्राचीन योग परंपरा को कैसे सुदृढ़ किया जा सकता है, जिससे ऐसे परिमाण योग्य डिजिटल वेलनेस समाधान तैयार किए जा सकते हैं जो निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देते हैं और साथ ही भारत की शाश्वत ज्ञान प्रणालियों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाते हैं।”
वेलनेसिस टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटरों ने टीडीबी के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सहायता योगीफाई स्मार्ट योगा मैट के उत्पादन और वैश्विक स्तर पर पहुंच बढ़ाने के कंपनी के प्रयासों को गति देगी, साथ ही प्रौद्योगिकी-आधारित स्वास्थ्य समाधानों में भारत के बढ़ते नेतृत्व को प्रदर्शित करेगी।

****
पीके/केसी/एसकेजे/ओपी
(रिलीज़ आईडी: 2237527)
आगंतुक पटल : 49