रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय : उर्वरक विभाग
सरकार ने रबी 2025-26 के लिए उर्वरक की कीमतों को स्थिर किया; वैश्विक अस्थिरता के बावजूद डीएपी 1350 रुपए पर सीमित किया गया
मजबूत निगरानी और रणनीतिक सब्सिडी से सभी राज्यों में फॉस्फेट एवं पोटाश का भंडार सुनिश्चित हुआ
मंत्री ने पोषक तत्व आधारित सब्सिडी ढांचे के तहत उन्नत एनपीके ग्रेड के एकीकरण की पुष्टि की
प्रविष्टि तिथि:
10 MAR 2026 3:16PM by PIB Delhi
केंद्र सरकार ने चालू रबी 2025-26 सीजन के लिए प्रमुख उर्वरकों की किफायती दरों पर उपलब्धता सुनिश्चित करके भारतीय किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार के उतार-चढ़ाव से बचाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। उर्वरक क्षेत्र पर एक व्यापक अपडेट में, रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने घोषणा की है कि डाई-अमोनियम फॉस्फेट (डीएपी) का अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) 1350 रुपए प्रति 50 किलोग्राम बैग पर स्थिर रखा गया है।
डीएपी की कीमतों में स्थिरता लाने के लिए सरकार ने प्रति मीट्रिक टन 3500 रुपए का विशेष प्रावधान लागू किया है, जिसमें कारखाने से खेत तक माल ढुलाई, जीएसटी घटक और निर्माताओं के लिए 4 प्रतिशत की गारंटीकृत उचित आय सहित अन्य लागतों को शामिल किया गया है। इस कदम से यह सुनिश्चित होता है कि वैश्विक कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद, वित्तीय बोझ किसान पर न पड़े।
पर्याप्त आपूर्ति और राज्यवार निगरानी: 5 मार्च, 2026 तक, देश भर में फॉस्फेट और पोटाश उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। राष्ट्रव्यापी आंकड़ों से पता चलता है:
- डीएपी: 51.38 एलएमटी की आनुपातिक आवश्यकता के मुकाबले, उपलब्धता 71.89 एलएमटी है।
- एमओपी: 14.18 एलएमटी की आवश्यकता के मुकाबले उपलब्धता 18.17 एलएमटी दर्ज की गई है।
- एनपीकेएस: कुल 108.39 एलएमटी उपलब्ध है, जो 76.48 एलएमटी की आनुपातिक आवश्यकता से काफी अधिक है।
मंत्रालय सब्सिडी वाले सभी उर्वरकों की आवाजाही की तत्क्षण निगरानी करने के लिए एकीकृत उर्वरक प्रबंधन प्रणाली (आईएफएमएस) का उपयोग करता है, जो एक ऑनलाइन वेब-आधारित प्लेटफॉर्म है। रेल मंत्रालय के साथ घनिष्ठ समन्वय के माध्यम से रेक की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाती है और विभिन्न राज्यों में स्टॉक की समय पर निकासी सुनिश्चित की जाती है।
संशोधित पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) ढांचे के तहत संतुलित पोषण को बढ़ावा देने के लिए, सरकार ने 10:26:26 और 12:32:16 जैसे अतिरिक्त उर्वरक ग्रेड शामिल किए हैं। नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश की विशिष्ट मात्रा के आधार पर सब्सिडी प्रदान करके, एनबीएस नीति किसानों को विशिष्ट फसल और मिट्टी की आवश्यकताओं के आधार पर पोषक तत्वों का चयन करने में सक्षम बनाती है।
वर्ष 2025-26 की अवधि के लिए अन्य प्रमुख श्रेणियों के औसत खुदरा मूल्य (प्रति 50 किलोग्राम बैग) इस प्रकार हैं:
- एनपीके 10-26-26: 1814.82 रुपए
- एनपीके 12-32-16: 1711.87 रुपए
- म्यूरेट ऑफ पोटाश (एमओपी): 1710.54 रुपए
यह रणनीतिक ढांचा न केवल संतुलित पोषक तत्व के इस्तेमाल को सुगम बनाता है बल्कि यूरिया पर अत्यधिक निर्भरता को कम करने का भी लक्ष्य रखता है, जिससे मृदा स्वास्थ्य को संरक्षित किया जा सके।
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने 10 मार्च, 2026 को राज्यसभा में पूछे गए एक गैर-तारांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
****
पीके/केसी/एसकेएस/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2237578)
आगंतुक पटल : 71