सूचना और प्रसारण मंत्रालय
प्रसार भारती का पीबी-एसएचएबीडी लोगो के बिना समाचार सामग्री प्रदान करता है, मार्च 2027 तक निःशुल्क उपलब्ध रहेगा
पीबी- एसएचएबीडी 1500 से अधिक संवाददाताओं और 24X7 काम करने वाले 60 संपादन डेस्क के नेटवर्क के माध्यम से विभिन्न प्रारूपों में प्रतिदिन 1000 से अधिक समाचार प्रदान करता है
प्रविष्टि तिथि:
10 MAR 2026 5:05PM by PIB Delhi
प्रसार भारती-शेयर्ड ऑडियो-विजुअल्स फॉर ब्रॉडकास्ट एंड डिसेमिनेशन (पीबी-एसएचएबीडी) को मार्च 2024 में मीडिया संगठनों को लोगो के बिना वीडियो, ऑडियो, टेक्स्ट और फोटो सहित विभिन्न प्रारूपों में दैनिक समाचार उपलब्ध कराने वाली साझा फीड सेवा के रूप में शुरु किया गया था। प्रसार भारती को यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता है कि एसएचएबीडी की सेवा मार्च 2027 तक निःशुल्क रहेगी।

1500 से अधिक पत्रकारों, संवाददाताओं और स्ट्रिंगरों के मजबूत नेटवर्क और चौबीसों घंटे काम करने वाले 60 समर्पित संपादन डेस्क के सहयोग से पीबी-एसएचएबीडी भारत के हर कोने से नवीनतम समाचार प्रस्तुत करता है। प्रतिदिन कृषि, प्रौद्योगिकी, विदेश मामले और राजनीतिक घटनाक्रम जैसी विभिन्न समाचार श्रेणियों को कवर करने वाली 1000 खबरें क्षेत्रीय समाचार इकाइयों (आरएनयू) और मुख्यालय से संयुक्त रूप से सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं में अपलोड की जाती हैं। पीबी-एसएचएबीडी के माध्यम से प्रदान की गई सामग्री पर लोगो नहीं रहता है और इस मंच से ली गई सामग्री का उपयोग करने के लिए किसी क्रेडिट की आवश्यकता नहीं है।
पीबी-एसएचएबीडी लाइव फीड सुविधा भी प्रदान करता है जिसमें राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों, अलंकरण समारोहों और विभिन्न संवाददाता सम्मेलनों सहित लाइव कार्यक्रमों की विशेष कवरेज लोगो के बिना ही उपलब्ध होती है। इस सेवा तक पहुंच को और बेहतर बनाने के लिए मीडिया सामग्री के संग्रह को आर्काइवल लाइब्रेरी के रूप में उपलब्ध कराया गया है जिससे ग्राहक आसानी से आर्काइवल फुटेज और विशेष रूप से तैयार किए गए पैकेज देख सकते हैं। विशेष पैकेज, साक्षात्कार, पूरे भारत से दैनिक मौसम अपडेट और संपादकीय लेख नियमित रूप से पीबी-एसएचएबीडी पर अपडेट किए जाते हैं जिससे मीडिया संस्थाएं आसानी से सामग्री का उपयोग कर सकें और समय की बचत हो सके। मीडिया संगठन shabd.prasarbharati.org पर जाकर पीबी-एसएचएबीडी के लिए निःशुल्क साइन अप कर सकते हैं ।
नवीनतम अपडेट के लिए पीबी-एसएचएबीडी को Instagram , X और YouTube पर फॉलो करें।
**-*.
पीके/केसी/केके/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2237704)
आगंतुक पटल : 94