सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

इंजीनियरिंग सुधार और जन-जागरूकता से घटेंगी सड़क दुर्घटनाएं: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण

प्रविष्टि तिथि: 10 MAR 2026 6:54PM by PIB Raipur

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘सड़क सुरक्षा प्रबंधन’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सड़क सुरक्षा से जुड़े तकनीकी और प्रबंधन संबंधी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी श्री प्रदीप कुमार लाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सड़क अभियांत्रिकी में सुधार, यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन और व्यापक जन-जागरूकता का समन्वित क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।


तकनीकी सत्र में सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ श्री विक्रम तुशिर ने जंक्शन सुधार, ब्लैक स्पॉट की वैज्ञानिक पहचान, यातायात संकेतक, रोड मार्किंग और सेफ्टी ऑडिट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ इंजीनियरिंग उपायों और उपयुक्त साइनेज के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि ब्लैक स्पॉट की समयबद्ध पहचान और सुधारात्मक कार्रवाई दुर्घटनाओं की रोकथाम की प्रभावी रणनीति है। सड़क डिजाइन में किए गए छोटे लेकिन तकनीकी रूप से सटीक सुधार भी बड़े हादसों को टालने में सक्षम होते हैं।


कार्यक्रम में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के प्रतिनिधि श्री रणबीर यादव, कार्यपालन अभियंता, विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की विभिन्न परियोजना कार्यान्वयन इकाइयों के परियोजना निदेशक श्री डीडी पार्लावर (कोरबा), श्री मुकेश कुमार (बिलासपुर), श्री शमशेर सिंह (अभनपुर) और श्री दिग्विजय सिंह (रायपुर) सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा आयोजित यह कार्यशाला सड़क सुरक्षा के प्रति संस्थागत प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


******


(रिलीज़ आईडी: 2237784) आगंतुक पटल : 66
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English