वस्‍त्र मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन

प्रविष्टि तिथि: 10 MAR 2026 5:44PM by PIB Delhi

फरवरी 2026 में राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन (एनटीटीएम) के अंतर्गत उन्नत तकनीकी वस्त्र उत्पादों के स्वदेशी विकास, उच्च-प्रदर्शन फाइबर, स्मार्ट और कार्यात्मक वस्त्र, सुरक्षात्मक उपकरण, वस्त्र मशीनरी और अवसंरचना तथा  औद्योगिक अनुप्रयोगों के लिए मिश्रित प्रणालियों आदि क्षेत्रों पर केंद्रित कुल 16 नई अनुसंधान परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

एनटीटीएम के घटक-I के प्रमुख उद्देश्यों में से एक कार्बन फाइबर, एरामिड फाइबर, नायलॉन फाइबर और अल्ट्रा हाई मॉलिक्यूलर वेट पॉली एथिलीन (यूएचएमडब्लूपीई) आदि जैसे विशिष्ट फाइबर के विकास के लिए मौलिक अनुसंधान का समर्थन करना है। इस घटक के तहत, सीएसआईआर-राष्ट्रीय एयरोस्पेस प्रयोगशालाओं (सीएसआईआर-एनएएल) को इंटरमीडिएट मॉडुलस ग्रेड कार्बन फाइबर के स्वदेशी विकास के लिए एक परियोजना को मंजूरी दी गई है।

एनटीटीएम के तहत, "तकनीकी वस्त्रों में उभरते नवप्रवर्तकों के लिए अनुसंधान और उद्यमिता अनुदान (जीआरटी)" नामक एक विशेष पहल शुरू की गई है। इसका उद्देश्य तकनीकी वस्त्रों के क्षेत्र में युवा नवप्रवर्तकों, वैज्ञानिकों और प्रौद्योगिकीविदों और स्टार्टअप उद्यमों को उनके विचारों को व्यावसायिक प्रौद्योगिकियों और उत्पादों में बदलने में सहायता प्रदान करके देश में तकनीकी वस्त्रों के स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को समर्थन देना है। जीआरटी दिशा निर्देशों के तहत, प्रत्येक स्वीकृत स्टार्टअप को अधिकतम 50 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। एनटीटीएम के तहत कुल 31 स्टार्टअप को 15.40 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी गई है।

वस्त्र मंत्रालय, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, जल शक्ति मंत्रालय आदि जैसे विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से, पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में सड़क निर्माण सहित अवसंरचना विकास में स्वदेशी भू-वस्त्रों के अनिवार्य उपयोग को बढ़ावा दे रहा है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और जल शक्ति मंत्रालय ने राजमार्ग निर्माण और रखरखाव में जियोसेल, जियो कंपोजिट, जियोग्रिड आदि जैसे विभिन्न भू-संश्लेषित उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए दिशा निर्देश और संहिता प्रावधान जारी किए हैं।

वाणिज्यिक खुफिया और सांख्यिकी महानिदेशालय (डीजीसीआईएस) के व्यापार आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष (दिसंबर 2025 तक) के दौरान, देश से तकनीकी वस्त्रों का कुल निर्यात 21,970 करोड़ रुपये रहा, जबकि आयात 18,953 करोड़ रुपये रहा। डीजीसीआईएस के आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन वित्तीय वर्षों और चालू वित्तीय वर्ष में तकनीकी वस्त्रों के निर्यात और आयात का विवरण नीचे दिया गया है :

वित्तीय वर्ष

निर्यात (करोड़ रुपये)

आयात (करोड़ रुपये)

व्यापार संतुलन

(करोड़ रुपये)

2022-23

23,050

21,809

+1,241

2023-24

24,724

21,132

+3,592

2024-25

28,392

22,865

+5,527

2025-26 (अप्रैल-दिसंबर 2025)

21,970

18,953

+3,017

स्रोत: डीजीसीआईएस, वाणिज्य मंत्रालय।

वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने आज लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

***

पीके/केसी/जेएस


(रिलीज़ आईडी: 2237895) आगंतुक पटल : 30
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu